Loading...
कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में शामिल महिला को अपहरण-बलात्कार की धमकियां, सुप्रीम कोर्ट पहुंची
कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में शामिल महिला को अपहरण-बलात्कार की धमकियां (फाइल तस्वीर)

कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में शामिल महिला को अपहरण-बलात्कार की धमकियां, सुप्रीम कोर्ट पहुंची

लेखन गजेंद्र
Aug 14, 2026
02:39 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से आयोजित विरोध-प्रदर्शन में भाग लेने वाली महिला प्रदर्शनकारियों को धमकियां मिल रही हैं। ऐसा ही एक मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है, जहां एक महिला ने बलात्कार और अपहरण की धमकियां मिलने का आरोप लगाते हुए याचिका दायर की है। मामले को महिला के वकील ने शुक्रवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के समक्ष उठाया था, जिसे सूचीबद्ध करने की मंजूरी दे दी गई है।

याचिका

18 अगस्त को होगी सुनवाई

महिला के वकील ने याचिका का जिक्र करते हुए CJI से कहा कि महिला को बलात्कार और अपहरण की धमकियां लगातार मिल रही हैं।

इस पर CJI ने कहा, "हम इसे मंगलवार को अन्य मामलों के साथ सूचीबद्ध करेंगे।"

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में 18 अगस्त को CJP के विरोध-प्रदर्शनों से जुड़े अन्य मामलों की सुनवाई है। महिला की याचिका को उन्हीं मामलों के साथ सूचीबद्ध करने को कहा गया है।

विरोध

एक महीने से अधिक समय तक चला था प्रदर्शन

NEET पेपर लीक के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ CJP ने जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया था, जो एक महीने से ज्यादा समय तक चला।

इस बीच, 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले दागे और पैलेट गन भी चलाई, जिसमें कम से कम 5 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं।

छात्रों की मांग के बाद प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था।

ADVERTISEMENT