CJP का कल फिर प्रदर्शन: पुलिस की अनुमति नहीं, दिपके ने लोगों से की ये अपील
क्या है खबर?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर उतरने की तैयारी में है। पार्टी ने कल कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा यात्रा निकालने का आह्वान किया है। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने युवाओं, किसानों और आम लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है। वहीं, पुलिस ने कहा कि CJP को प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। ऐसे में एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर टकराव देखने को मिल सकता है।
बयान
दिपके बोले- पार्टियां, युवा, किसान और छात्र मार्च में शामिल हों
दिपके ने राजनीतिक पार्टियों, युवाओं, किसान संघों और छात्र संगठनों से कल होने वाले 'तिरंगा मार्च' में शामिल होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, "आप लोगों को हिरासत में ले रहे हैं, आपकी पुलिस छात्रों और विपक्षी नेताओं को सड़कों पर घसीट रही है। आपातकाल घोषित कीजिए। क्या आपको अपनी छवि का डर है? हर घर तिरंगा का क्या हुआ? रांका और दास को झंडा फहराने के लिए उठाया गया। क्या ज्ञानेश कुमार राष्ट्रीय ध्वज से ज्यादा जरूरी है?"
हाई कोर्ट
हाई कोर्ट ने मार्च पर रोक लगाने से इनकार किया
दिल्ली हाई कोर्ट ने CJP के विरोध प्रदर्शन पर रोक लगाने का आदेश पारित करने से इनकार कर दिया।
सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने कहा कि वे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी संभव उपाय करेगी। इसी को देखते हुए हाई कोर्ट ने रोक नहीं लगाई।
ये याचिका पालिका बाजार के व्यापारी अनिल कुमार गुप्ता ने दायर की थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन से व्यावसायिक गतिविधियां बाधित हो सकती हैं।
पुलिस
पुलिस बोली- प्रदर्शन को काबू करने के लिए कदम उठाएंगे
दिल्ली पुलिस ने हाई कोर्ट में आश्वासन दिया कि याचिकाकर्ता द्वारा व्यक्त की गई आशंकाओं के मद्देनजर उचित कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस ने हाईकोर्ट को बताया कि CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को काबू करने के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने विशेष तैयारियां की हैं। प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां पहले ही तैनात कर दी गई हैं।
वजह
क्यों तिरंगा मार्च निकाल रही है CJP?
दरअसल, 12 अक्टूबर को सरकार ने जंतर मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया था। इसके बावजूद CJP प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका कुछ अन्य लोगों के साथ जंतर मंतर पर तिरंगा लेकर पहुंच गए थे।
पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और फिलहाल दोनों न्यायिक हिरासत में हैं।
दिपके ने दास और रांका की गिरफ्तारी के विरोध में 16 अक्टूबर की शाम 5 बजे तिरंगा मार्च का आह्वान किया है।