CJP का प्रदर्शन: यूट्यूबर ध्रुव राठी समेत 1,000 हिरासत में, हजारों जवान तैनात
क्या है खबर?
दिल्ली के जंतर मंतर पर आज कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसके लिए CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, पुलिस ने रात से अब तक करीब 1,000 लोगों को हिरासत में लिया है। यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में ले लिया गया है। जंतर मंतर पर आने-जाने के रास्ते पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं।
हिरासत
1,000 से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अब तक करीब 1,000 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए हैं।
आधी रात को शाहीन बाग के आसपास के इलाकों से 250 लोगों को हिरासत में लिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि 100 से ज्यादा लोग शाहदरा और पूर्वी दिल्ली से हैं।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट के आसपास से भी लोगों को हिरासत में लिया है।
ट्विटर पोस्ट
सड़कों पर कीलें बिछाई गई हैं
#WATCH | Delhi: Police maintain high security around Mohan Estate area ahead of the Cockroach Janta Party (CJP) protest today. Spike strips also installed here. pic.twitter.com/PwCjc2g245
— ANI (@ANI) October 10, 2026
बयान
दिपके ने पूछा- क्या मोदी-शाह लोगों के खिलाफ युद्ध छेड़ना चाहते हैं?
दिपके ने कहा, "मुझे हैरानी होती है कि प्रधानमंत्री देश के युवाओं और लोगों से इतना क्यों डरते हैं। मेट्रो और रेल बंद करने की क्या जरूरत थी? इंटरनेट बंद कर दिया और सड़कें ब्लॉक कर दी हैं। वे जम्मू-कश्मीर से सेना लाए हैं, नक्सल-प्रभावित इलाकों से CRPF बुलाई है और उन्हें दिल्ली में तैनात किया है। क्या नरेंद्र मोदी और अमित शाह अपने ही देश के लोगों के खिलाफ जंग छेड़ना चाहते हैं?"
बंद
राजधानी में क्या-क्या बंद?
आज सुबह 4 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर पहुंचने वाली ट्रेनें रद्द की गई हैं।
57 मेट्रो स्टेशन भी बंद रहेंगे।
शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन आज रात 10 बजे तक बंद रहेंगे।
कनॉट प्लेस समेत कुछ इलाकों में सुरक्षा को देखते हुए व्यापारियों ने दुकान बंद रखने का फैसला किया है।
कैमरे
बॉडी कैमरों से लैस होंगे जवान
दिल्ली पुलिस के जवानों की वर्दी पर बॉडी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिसकर्मियों पर लगे यौन उत्पीड़न और दुर्व्यव्हार के आरोपों के बाद ये कदम उठाया गया है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों की तैनाती की गई है। ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है।
कुल मिलाकर करीब 35,000 जवानों को राजधानी और आसपास के इलाकों में तैनात किया गया है।
ट्रेनें
250 से ज्यादा ट्रेनें रद्द
नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से आने-जाने वाली 250 से ज्यादा मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इनमें राजधानी एक्सप्रेस, वंदे भारत और संपूर्ण क्रांति जैसी ट्रेनें शामिल हैं।
पुलिस रेलवे स्टेशनों पर आने वाले यात्रियों और होटलों में ठहरने वालों की भी जांच कर रही है। उनसे दिल्ली आने की वजह पूछी जा रही है।
बसों की बुकिंग पर भी नजर रखी जा रही है।
हॉस्टल, पीजी मालिकों से भी बात की गई है।