
इजरायली हमले के बाद ईरानी हवाई क्षेत्र बंद, एयर इंडिया की 16 उड़ानों का मार्ग बदला
क्या है खबर?
इजरायल और ईरान के बीच शुक्रवार को शुरू हुए हमलों के बाद ईरान ने अचानक अपना हवाई क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया है, जिसके बाद यात्री विमानों को मुसीबत का सामना करना पड़ा।
एयर इंडिया की कम से कम 16 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया है, जिसमें से अधिकतर अपने प्रस्थान हवाई अड्डों पर लौट आए हैं।
एयरलाइंस ने बताया कि प्रभावित सेवाओं में न्यूयॉर्क-दिल्ली, दिल्ली और मुंबई से लंदन-न्यूयॉर्क की कई उड़ानें शामिल हैं।
उड़ान
इन उड़ानों का मार्ग हुआ परिवर्तित
एयर इंडिया की AI-130 लंदन हीथ्रो-मुंबई वियना की ओर मोड़ा गया, AI-102 न्यूयॉर्क-दिल्ली शारजाह की ओर, AI-116 न्यूयॉर्क-मुंबई जेद्दाह की ओर, AI-2018 लंदन हीथ्रो-दिल्ली मुंबई, AI-129 मुंबई-लंदन हीथ्रो मुंबई लौटा, AI-119 मुंबई-न्यूयॉर्क मुंबई, AI-103 दिल्ली-वाशिंगटन, AI-106 न्यूयॉर्क-दिल्ली दिल्ली, AI-188 वैंकूवर-दिल्ली जेद्दाह की ओर, AI-101 दिल्ली-न्यूयॉर्क फ्रैंकफर्ट/मिलान की ओर, AI-126 शिकागो-दिल्ली जेद्दाह की ओर, AI-132 लंदन हीथ्रो-बेंगलुरु शारजाह की ओर, AI-2016 लंदन हीथ्रो-दिल्ली वियना की ओर, AI-104 वाशिंगटन-दिल्ली वियना, AI-190 टोरंटो-दिल्ली फ्रैंकफर्ट की ओर और AI-189 दिल्ली-टोरंटो दिल्ली लौटा है।
बयान
एयरलाइन ने क्या कहा?
एयर इंडिया ने मार्ग परिवर्तन पर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
कंपनी ने कहा कि पैसे वापसी या कॉम्पलीमेंट्री रीशेड्यूलेशन की पेशकश की जा रही है, साथ ही उन लोगों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था भी की जा रही है जो अभी भी उड़ान भरना चाहते हैं।
बता दें कि इजरायल ने शुक्रवार तड़के ईरान के सैन्य ठिकानों और परमाणु स्थलों को निशाना बनाया है। ईरान ने भी 100 ड्रोन दागे हैं।