कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 16,159 नए मामले, 28 लोगों की मौत
क्या है खबर?
भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 16,159 नए मामले सामने आए हैं और 28 लोगों की मौत हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,35,47,809 हो गई है। इनमें से 5,25,270 मरीजों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,15,212 हो गई है।
एक दिन पहले देश में 13,086 नए मामले सामने आए थे। कम टेस्ट के कारण कल मामलों में इतनी गिरावट देखने को मिली थी।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 15,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 15,394 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 4,29,07,327 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.53 प्रतिशत है।
कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 4,54,465 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 86.49 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 79,89,909 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,47,949 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में सोमवार तक 66,55,875 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 70,054 मरीजों की मौत हुई है।
34,88,091 मामलों और 38,027 मौतों के साथ तमिलनाडु और 39,73,873 मामलों और 40,080 मौतों के साथ कर्नाटक अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले
इन जगहों पर आ रहे सर्वाधिक मामले
देश के दैनिक मामलों में उछाल महाराष्ट्र, तमिलनाडु और केरल में संक्रमण में वृद्धि के कारण देखा जा रहा है।
महाराष्ट्र में कल दैनिक मामलों में 104 प्रतिशत उछाल देखने को मिला। बीते दिन यहां 3,098 नए मामले सामने आए और छह मरीजों की मौत हुई।
इसी तरह तमिलनाडु में बीते दिन 2,662 नए मामले पकड़ में आए, वहीं केरल में सोमवार को 2,603 नए लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। कर्नाटक में 839 नए मामले सामने आए।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक वैक्सीन की 1,98,20,86,763 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 9,95,810 खुराकें लगाई गईं। देश में 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों और वयस्कों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 55.12 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 55.12 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 63.42 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 8.81 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 10.18 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में लगभग 3.26 करोड़ संक्रमितों में से 6.72 लाख मरीजों की मौत हुई है।