Page Loader
पंजाबी गायक शुभ के शो को लेकर भारत में मचा है शोर, क्यों हो रहा विरोध?
पंजाबी गायक शुभ को लेकर विरोध तेज, जानिए वजह (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@shubhworldwide)

पंजाबी गायक शुभ के शो को लेकर भारत में मचा है शोर, क्यों हो रहा विरोध?

Sep 20, 2023
06:48 pm

क्या है खबर?

भारतीय मूल के कनाडा में रहने वाले गायक शुभनीत सिंह उर्फ शुभ को लेकर विवाद गर्माता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर भी उन्हें लोगों से खूब खरी-खाेटी सुनने को मिल रही है। मुंबई में होने वाले उनके कार्यक्रम से पहले ही देशभर के कई दिग्गज उनके खिलाफ खड़े हो गए हैं। दरअसल, शुभ को लेकर विरोध तब शुरू हुआ, जब उन्होंने सोशल मीडिया पर भारत का विवादित नक्शा डाला। आइए पूरा मामला विस्तार से जानें।

कारण

क्यों करना पड़ रहा विरोध का सामना?

युवाओं के पसंदीदा गायक शुभ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भारत का ऐसा नक्शा साझा किया था, जिससे पंजाब, कश्मीर और उत्तर-पूर्वी भाग गायब था। साथ में लिखा, 'पंजाब के लिए प्रार्थना।' विवादास्पद 'खालिस्तानी आंदोलन' के साथ अपने कथित संबंधों को लेकर शुभ को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। वायरल पोस्ट शुभ ने तब साझा किया था, जब पंजाब पुलिस खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह नाम के भगोड़े की तलाश कर रही थी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

खालिस्तान का मतलब होता है 'खालसा की सरजमीन'। खालिस्तानी आंदोलन, पंजाब को भारत से अलग देश बनाने की मांग करता है। इसे हमेशा से भारतीयों और भारत सरकार के गुस्से का सामना करना पड़ा है। 1940 में पहली बार 'खालिस्तान' शब्द का जिक्र हुआ था।

दूरी

विराट कोहली समेत कई क्रिकेटरों ने किया गायक को अनफॉलो

अब मशहूर क्रिकेटर विराट कोहली ने भी गायक को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है। उन्हें शुभ के एक गाने पर थिरकते हुए भी देखा गया था। विवाद न बढ़े, इसलिए अब उन्होंने गायक से किनारा कर लिया है। कथित तौर पर क्रिकेटर केएल राहुल और हार्दिक पांड्या ने भी शुभ को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि खालिस्तान विवाद के बाद ही क्रिकेटरों ने शुभ को अनफॉलो किया है या नहीं?

विरोध

BJYM के सदस्यों ने फाड़े शुभ के आगामी कार्यक्रम के पोस्टर

गायक और रैपर शुभ को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के सदस्यों ने बीते दिनों मुंबई में शुभ के आगामी कार्यक्रम के पोस्टर हटाए और उन पर कालिख पोत दी। दरअसल, शुभ को 23-25 ​​सितंबर तक वहां शो करना है। विरोध में कहा गया कि किसी भी खालिस्तानी समर्थक के लिए देश में जगह नहीं है। BJYM के सदस्यों ने शुभ का शो रद्द करने की मांग उठाई है।

सफरनामा

महज 2 साल पुराना है शुभ का करियर

शुभ का करियर भले ही 2 साल पुराना है, लेकिन इतने कम समय में उनके गानों ने UK एशियन और UK पंजाबी चार्ट के साथ-साथ बिलबोर्ड कैनेडियन हॉट-100 पर अपनी जगह बनाई है। शुभ को 'OG', 'एलिवेटेड' और 'चीक्स' जैसे गानों के लिए जाना जाता है। 2021 में उन्होंने अपना पहला गाना 'वी रोलिन' रिलीज किया था, जिसे यूट्यूब पर करोड़ों व्‍यूज मिल चुके हैं। शुभ को भारत के बाहर भी कई जगहों पर पसंद किया जाता है।

जानकारी

हाल ही में की थी वर्ल्ड टूर की घोषणा

शुभ ने हाल ही में अपने वर्ल्‍ड टूर की घोषणा की थी, जिसकी शुरुआत भारत से होने वाली है। इसके बाद वह ब्रिटेन, UAE, ऑस्‍ट्रेलिया, न्‍यूजीलैंड और अमेरिका भी जाएंगे, लेकिन अफसोस टूर शुरू होने से पहले ही आलोचनाओं का श‍िकार हो गया है।