Page Loader
जन्मदिन विशेष: 'रॉक ऑन' से 'केदारनाथ' तक, OTT पर देखिए अभिषेक कपूर की ये बेहतरीन फिल्में
अभिषेक कपूर की OTT पर मौजूद बेहतरीन फिल्में

जन्मदिन विशेष: 'रॉक ऑन' से 'केदारनाथ' तक, OTT पर देखिए अभिषेक कपूर की ये बेहतरीन फिल्में

लेखन मेघा
Aug 06, 2023
07:00 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड में कई बेहतरीन फिल्मों का निर्देशन करने वाले अभिषेक कपूर आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। 6 अगस्त, 1971 को जन्मे कपूर ने करियर की शुरुआत 1996 में मोनिका बेदी के साथ फिल्म 'आशिक मस्ताने' में अभिनय के साथ की थी। वह ट्विंकल खन्ना के साथ 'उफ्फ! ये मोहब्बत है' में भी नजर आए, लेकिन 2006 में उन्होंने 'आर्यन' के साथ बतौर निर्देशक अपना सफर शुरू कर दिया। आइए आज कपूर की शानदार फिल्मों पर नजर डालते हैं।

#1

'रॉक ऑन'

2008 में रिलीज हुई फिल्म 'रॉक ऑन' बॉलीवुड में रॉक बैंड पर बनी सबसे शानदार फिल्मों में शुमार है। फिल्म में फरहान अख्तर, पूरब कोहली, अर्जुन रामपाल और प्राची देसाई सहित कई सितारे शामिल थे। इसकी कहानी 4 दोस्तों की थी, जो एक बैंड का हिस्सा होते हैं, लेकिन गलतफहमी के चलते सब अलग हो जाते हैं। वर्षों बाद वे फिर से मिलते हैं और अपने सपनों को साकार करते हैं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

#2

'काय पो चे'

2013 में आई कपूर की फिल्म 'काय पो चे' को दर्शकों ने बेशुमार प्यार दिया था। इस फिल्म से दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने बड़े पर्दे पर कदम रखा था। सुशांत के साथ राजकुमार राव और अमित साध भी फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म की कहानी 3 दोस्ती थी, जिसे चेतन भगत के उपन्यास 'थ्री मिस्टेक्स ऑफ माई लाइफ' से लिया गया था। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर देखने के लिए मौजूद है।

#3

'चंडीगढ़ करे आशिकी'

आयुष्मान खुराना और वाणी कपूर अभिनीत फिल्म 'चंडीगढ़ करे आशिकी' 2021 में आई थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म मनु और मानवी की कहानी कहती है, जो एक-दूसरे से प्यार करते हैं। हालांकि, जब मनु को मानवी के सर्जरी कराकर लड़की बनने का एक सच पता चलता है तो दोनों की जिंदगी एकदम से नया मोड़ ले लेती है। कपूर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

#4

'केदारनाथ'

कूपर की 'केदारनाथ' 2018 में रिलीज हुई थी, जिससे सारा अली खान ने बॉलीवुड में कदम रखा था और उनके साथ सुशांत नजर आए थे। फिल्म में एक हिंदू लड़की और मुस्लिम लड़के की कहानी दिखाई गई थी, जिन्हें एक-दूसरे से प्यार हो जाता है, लेकिन उनके घरवालों को ये रिश्ता मंजूर नहीं होता। इसके बाद प्रकृति के प्रकोप के बीच दोनों केदारनाथ में आई 2013 की बाढ़ में बिछड़ जाते हैं। यह फिल्म ZEE5 पर उपलब्ध है।

जानकारी

जल्द इस फिल्म को लेकर आएंगे कपूर

कपूर जल्द ही अजय देवगन के साथ एक एक्शन एडवेंचर फिल्म लेकर आने वाले हैं। इस फिल्म से अजय के भांजे अमन देवगन और रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी अभिनय की दुनिया में कदम रखेंगी। यह फिल्म अगले साल 9 जनवरी को रिलीज होगी।