कैंसर पीड़ित 3,000 बच्चों को भोजना मुहैया कराएंगे विवेक ओबेरॉय, फैंस से की ये अपील

विवेक ओबेरॉय ने बॉलीवुड को कई सफल फिल्मों की सौगात दी है। इस अभिनेता के चाहने वालों की संख्या लाखों में है। कई कलाकारों की तरह अब विवेक भी इस संकट की घड़ी में लोगों की मदद करने के लिए आगे आए हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि विवेक कैंसर से पीड़ित 3,000 बच्चों की मदद के लिए अपना योगदान देंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके इस संबंध में जानकारी शेयर की है।
अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो शेयर करके बताया कि वह कैंसर से पीड़ित 3,000 जरूरतमंद बच्चों को भोजन मुहैया कराएंगे। उन्होंने बताया कि आगामी तीन महीनों में वह अधिक से अधिक कैंसर पीड़ित बच्चों की मदद करना चाहते हैं। विवेक ने फंडरेजर के जरिए लोगों से मदद की अपील की है। उन्होंने फैंस से कहा कि उनके 1,000 रुपये से कैंसर पीड़ित बच्चे के लिए एक महीने तक का भोजन का इंतजाम किया जा सकता है।
विवेक ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'कैंसर पेशेंट्स एड एसोसिएशन (CPAA) पिछले 52 सालों से कैंसर से पीड़ित मरीजों का ख्याल रख रही है। अभी कोरोना महामारी में कैंसर के इलाज में अधिक समय लग रहा है। इस दौरान हमें उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत रखने में मदद करनी होगी। CPAA आगामी तीन महीनों में उनके लिए भोजन का इंतजाम करेगी।' उन्होंने बताया कि CPAA अकेले मदद नहीं कर सकती, इसके लिए लोगों की मदद की जरूरत होगी।
विवेक की पहल की सोशल मीडिया पर तारीफ हो रही है। हाल में कई कलाकार मदद के लिए आगे आए हैं। कुछ सप्ताह पहले सलमान खान को फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए खाने के पैकेट्स वितरित करते हुए देखा गया था। कुछ दिन पहले ही अक्षय कुमार ने कोरोना काल में 3,600 डांसर्स को प्रत्येक महीने मुफ्त में राशन मुहैया कराने का ऐलान किया था। सनी लियोन, जैकलीन फर्नांडिस व अजय देवगन जैसे कलाकारों ने भी मदद की है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक फिल्म को लेकर 2019 में विवेक ने सुर्खियां बटोरी थीं। इन दिनों विवेक साउथ फिल्मों में अधिक सक्रिय हैं। उनकी आखिरी फिल्म 'रुस्तम' भी एक दक्षिण भारतीय फिल्म थी। इसके अलावा वह अपनी फिल्म 'इति' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म को प्रोड्यूस करने के साथ वह इसमें अभिनय करते नजर आएंगे। इसमें उनके साथ अभिनेत्री अंकिता लोखंडे भी नजर आ सकती हैं। फिल्म का निर्देशन विशाल मिश्रा करने वाले हैं।