Page Loader
ऑस्कर पुरस्कार की रेस में शामिल हुई विक्रांत मैसी की '12वीं फेल'
'12वीं फेल' ऑस्कर पुरस्कार की रेस में हुई शामिल

ऑस्कर पुरस्कार की रेस में शामिल हुई विक्रांत मैसी की '12वीं फेल'

लेखन मेघा
Nov 25, 2023
03:55 pm

क्या है खबर?

विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म '12वीं फेल' की रिलीज को एक महीना होने वाला है और यह टिकट खिड़की पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म में विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में नजर आए हैं, जिसमें वह अपनी उम्दा प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीतने में सफल हुए हैं। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता मिली तो अब इसे स्वतंत्र नामांकन कर ऑस्कर पुरस्कार के लिए भेजा गया है। इसकी जानकारी विक्रांत ने साहित्य आजतक 2023 के दौरान दी।

बयान

15 साल की उम्र में शुरू किया विक्रांत ने अपना सफर

इस दौरान विक्रांत ने फिल्म के ऑस्कर में शामिल होने के साथ अपने संघर्ष के बारे में बात की और बताया कि उन्होंने 15 साल की उम्र में अपना सफर शुरू किया था। उन्हें छोटी उम्र में काम की तलाश करने के लिए मजबूर होना पड़ा था क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि उनकी कॉलेज की फीस उनके पिता पर बोझ बने। अभिनेता ने बताया कि उन्होंने मशूहर कोरियोग्राफर श्यामक डावर से डांस सीखा और स्टेज पर परफॉर्म भी किया।

कहानी

ऐसी है '12वीं फेल' की कहानी

'12वीं फेल' की कहानी अनुराग ठाकुर की इसी नाम से लिखी गई किताब से ली गई है, जिसमें IPS अधिकारी मनोज कुमार के सफर को दिखाया गया है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे चंबल से निकला एक युवक 12वीं कक्षा में फेल होने के बाद भी IPS अफसर बनकर मिसाल पेश करता है। फिल्म में विक्रांत के साथ अनंत जोशी, अंशुमन पुष्कर, मेधा शंकर और गीता अग्रवाल शामिल हैं, जिन्होंने भी अपना शानदार अभिनय दिखाया है।

कमाई

बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी

'12वीं फेल' ने बॉक्स ऑफिस पर कंगना रनौत की फिल्म 'तेजस' के साथ दस्तक दी थी। 'तेजस' पहले ही दिन ढेर हो गई तो '12वीं फेल' की कहानी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। पहले दिन धीमी शुरुआत के बाद '12वीं फेल' की कमाई में बढ़त होने लगी और यह आराम से अपनी लागत निकालने में सफल हो गई। 25 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म 29 दिनों में 42 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।

ऑस्कर 

इस बार भारत की ओर से ऑस्कर में गई मलयालम फिल्म

भारत की ओर से इस बार ऑस्कर की आधिकारिक एंट्री के लिए मलयालम फिल्म '2018: एवरीवन इज ए हीरो' को चुना गया है। इस फिल्म की कहानी केरल की बाढ़ पर आधारित है, जिसमें 450 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी तो हजारों लोग बेघर हुए थे। ज्यूड एंथनी जोसेफ के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और 11 दिन में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली फिल्म बनी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस 

बॉलीवुड की कई फिल्में स्वतंत्र रूप से ऑस्कर में जा चुकी हैं। इसमें आर माधवन की 'रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट', एसएस राजामौली की 'RRR', 'द कश्मीर फाइल्स', 'लगे रहो मुन्नाभाई' और 'यंगिस्तान' शामिल है। अक्षय कुमार की फिल्म 'मिशन रानीगंज' भी इस रेस में है।