विद्या बालन-आर बाल्की का 17 साल बाद बड़ी तैयारी, बायोपिक नहीं; ला रहे अनोखी कहानी
क्या है खबर?
अभिनेत्री विद्या बालन जल्द ही एक नई तमिल फिल्म में नजर आने वाली हैं, जिसे लेकर लंबे समय से सस्पेंस बना हुआ था। अफवाहें थीं कि विद्या किसी मशहूर गायिका की बायोपिक में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। हालांकि, फिल्म निर्देशक आर बाल्की ने इन सभी खबरों को खारिज करते हुए बड़ा खुलासा किया है। बाल्की ने स्पष्ट किया कि ये फिल्म किसी भी दिग्गज गायिका की बायोपिक नहीं है, बल्कि एक बिल्कुल अनोखी और नई कहानी है।
बयान
अफवाहों पर बाल्की ने लगाया विराम
विद्या जल्द ही एक तमिल फिल्म में नजर आएंगी, जिसे लेकर ये कयास लगाए जा रहे थे कि वो किसी महान गायिका की बायोपिक में मुख्य भूमिका निभा रही हैं।
हालांकि, ईटाइम्स के मुताबिक, फिल्म के निर्देशक आर बाल्की ने इन सभी अटकलों और अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है।
बाल्की ने स्पष्ट किया कि ये फिल्म किसी भी रियल-लाइफ गायिका या शख्सियत की जीवनी पर आधारित नहीं है, बल्कि ये एक बिल्कुल नई और काल्पनिक कहानी है।
अटकलें
ऊषा उत्थुप या सुब्बुलक्ष्मी की बायोपिक की खबरें खारिज
मीडिया में ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि विद्या इस तमिल फिल्म में दिग्गज गायिका ऊषा उत्थुप या एमएस सुब्बुलक्ष्मी का किरदार निभा रही हैं।
हालांकि, निर्देशक बाल्की ने इन अटकलों को खारिज करते हुए साफ किया है कि ये फिल्म न तो ऊषा उत्थुप की बायोपिक है और ना ही किसी अन्य गायिका की जिंदगी पर आधारित है।
फिल्म 'पा' के करीब 17 साल बाद विद्या और बाल्की एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं।
उम्मीद
'पा' के जादू के बाद फिर दिखेगा बाल्की-विद्या का कमाल
जब बाल्की से इस फिल्म के विषय के बारे में पूछा गया तो उन्होंने फिल्म के प्लॉट का ज्यादा खुलासा करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने बताया कि ये एक अनोखी और मजेदार काल्पनिक कहानी है।
बता दें कि विद्या और बाल्की की साल 2009 में आई फिल्म 'पा' को खूब पसंद किया गया था। अब उनकी नई फिल्म से दर्शकों को बड़ी उम्मीदें हैं, वहीं विद्या जल्द ही रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' में भी अहम भूमिका निभाएंगी।