शैलेश लोढ़ा को 'तारक मेहता..' छोड़ने के बाद अभी तक नहीं मिले बकाया पैसे
धारावाहिक 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' पिछले काफी समय से विवादों में है। इस शो से एक नहीं, बल्कि कई कलाकार पीछे हट चुके हैं। यहां तक कि निर्देशक ने भी इससे दूरी बना ली है, जिसके बाद से शो के निर्माता असित मोदी लगातार लोगों के निशाने पर हैं। बहरहाल, अब खबर आ रही है कि निर्माताओं ने अभिनेता शैलेश लोढ़ा को अभी तक उनकी बकाया फीस का भुगतान नहीं किया है। आइए जानते हैं क्या जानकारी मिली है।
शैलेश की एक साल की रकम बकाया
हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक, शो के निर्माताओं ने शैलेश को एक साल से अधिक समय से उनके पैसे नहीं दिए हैं। वह बेसब्री से अपने पैसे मिलने का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि शैलेश ने 'तारक मेहता' इसलिए छोड़ा क्योंकि उनका निर्माताओं के साथ झगड़ा हो गया था। शैलेश को शो में अपमानित महसूस हो रहा था, इसलिए उन्होंने बिना किसी नोटिस के शो छोड़ दिया। तभी से शैलेश ने इस पर चुप्पी साध रखी है।
निर्माताओं ने नेहा मेहता के भी नहीं दिए पैसे
यह पहली बार नहीं है, जब निर्माताओं ने शो में काम करने वाले कलाकारों के बकाया पैसे न दिए हों। सूत्र ने बताया कि अभी तक अभिनेत्री नेहा मेहता के भी 30 से 40 लाख रुपये बाकी हैं, जो दिए जाने हैं। नेहा शो में तारक मेहता की पत्नी के किरदार में थीं। उन्होंने भी 2022 में शो छोड़ दिया था। हालांकि, नेहा ने बताया था कि वह अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने शो छोड़ा।
ये कलाकार भी ले चुके शो से विदा
पिछले साल राज अनादकट उर्फ टप्पू ने इस शो से किनारा किया था। उनसे पहले भव्य गांधी ने इसे टाटा बाय-बाय कहा था। शो में सोनू की भूमिका में दिखने वाली अभिनेत्री निधि भानुशाली भी इससे विदा ले चुकी थीं। शो के प्रशंसकों को सबसे बड़ा झटका तब लगा था, जब दिशा वकानी उर्फ दयाबेन इससे पीछे हटी थीं। अभिनेत्री मोनिका भदौरिया ने 2019 में इस शो को अलविदा कहा था। पिछले दिनों निर्देशक मालव राजदा ने यह शो छोड़ा।
जानिए शैलेश लोढ़ा के बारे में
शैलेश 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में तारक मेहता का किरदार निभाते थे। वह 2008 में इस शो से जुड़े थे और 2022 में उन्होंने इसे अलविदा कहा। शैलेश एक जाने-माने कवि, अभिनेता, कॉमेडियन और लेखक हैं। उन्हें सबसे पहले 'कॉमेडी सर्कस' में बतौर प्रतियोगी देखा गया था। शैलेश ने 'बहुत खूब', 'वाह भाई वाह' और 'वाह! वाह! क्या बात है' जैसे कार्यक्रमों की मेजबानी भी की है। कपिल शर्मा के शो में शैलेश बतौर मेहमान दस्तक दे चुके हैं।
न्यूजबाइट्स प्लस
'तारक मेहता..' का पहला एपिसोड 28 जुलाई, 2008 को आया था। करीब 14 सालों से यह शो दर्शकों को गुदगुदाता आ रहा है। शो के हर किरदार ने लोगों को प्रभावित किया है। IMDb पर इसे 10 में से 8.2 रेटिंग मिली है।