
तापसी पन्नू की 'हसीन दिलरुबा' 2 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज, जारी हुआ टीजर
क्या है खबर?
तापसी पन्नू मौजूदा दौर की सबसे व्यस्त अभिनेत्रियों में शामिल हैं। इस साल दर्शक उन्हें कई महत्वपूर्ण फिल्मों में देख पाएंगे।
वह फिल्म के किसी किरदार में खुद को ढालने के लिए काफी मेहनत करती हैं। इस साल वह अपनी फिल्म 'हसीन दिलरुबा' को लेकर चर्चा में रही हैं।
अब अभिनेत्री ने खुद इस फिल्म का टीजर शेयर करते हुए इसकी रिलीज की जानकारी दी है। 'हसीन दिलरुबा' 2 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
जानकारी
पिछले साल अक्टूबर में पूरी हुई थी फिल्म की शूटिंग
तापसी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, 'कहानी आशिकाना, राज कातिलाना। 'हसीन दिलरुबा' जल्द नेटफ्लिक्स पर आ रही है।'
इस फिल्म की शूटिंग पिछले साल अक्टूबर में पूरी हो गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह एक मर्डर मिस्ट्री पर आधारित फिल्म होगी। इसमें लव स्टोरी के साथ कई सारे सस्पेंस भी देखने को मिल सकते हैं।
तापसी के अलावा इस फिल्म में विक्रांत मेस्सी और हर्षवर्धन राणे भी नजर आएंगे।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए तापसी का ट्विटर पोस्ट
Kahani Aashiqana. Raaz Katilana.#HaseenDillruba coming soon. Only on Netflix. #TheUltimateKaunspiracy pic.twitter.com/fMGgM8J1K1
— taapsee pannu (@taapsee) June 3, 2021
सूचना
विनील मैथ्यू ने किया फिल्म का निर्देशन
विनील मैथ्यू ने इस फिल्म का निर्देशन किया है। अक्टूबर में तापसी ने 'हसीन दिलरुबा' की शूटिंग खत्म होने की जानकारी दी थी।
मौजूदा हालात को देखते हुए इस फिल्म को सिनेमाघरों के बजाय सीधे OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने का फैसला लिया गया है।
तापसी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दर्शकों को रानी कश्यप की भूमिका के बारे में भी बताया था। उन्होंने कहा था कि काफी विपरीत परिस्थितियों में फिल्म की शूटिंग पूरी की गई है।
जानकारी
कोरोना के कारण प्रोजेक्ट हुआ था बाधित
यह फिल्म पहले सितंबर, 2020 में रिलीज होने वाली थी। कोरोना वायरस की महामारी के कारण इस फिल्म की रिलीज को टालना पड़ा था।
इस फिल्म की कहानी कनिका ढिल्लों ने लिखी है। फिल्म का निर्माण आनंद एल राय करने वाले हैं। आनंद की प्रोडक्शन कंपनी के बैनर 'कलर येलो प्रोडक्शंस' के तहत इस फिल्म का निर्माण किया जाएगा।
इस साल की शुरुआत में नेटफ्लिक्स पर फिल्म की रिलीज की खबर सामने आई थी।
वर्कफ्रंट
इन फिल्मों में नजर आएंगी तापसी
तापसी के वर्कफ्रंट की बात करें तो इस साल उनकी कई फिल्में रिलीज की कतार में शामिल हैं। वह 'लूप लपेटा' में नजर आने वाली हैं। जल्द ही उन्हें 'रश्मि रॉकेट' में देखा जा सकता है।
इसके अलावा वह 'शाबाश नायडू' में दिखने वाली हैं। तापसी को अनुराग कश्यप की 'दोबारा' में देखा जा सकता है।
हाल में अभिनेत्री को फिल्म 'थप्पड़' में अभिनय के लिए बेस्ट फीमेल एक्टर इन लीडिंग रोल के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला है।