इन स्टारकिड्स ने घरवालों के खिलाफ जाकर एक्टिंग में बनाई पहचान
बॉलीवुड में स्टारकिड्स को काफी महत्व दिया जाता है। फैंस अपने सुपरस्टार्स के बच्चों को भी रूपहले पर्दे पर देखना पसंद करते हैं। उनकी फैन फॉलोइंग भी लाखों की तादाद में होती है। कई स्टारकिड्स ने इंडस्ट्री में अपने अभिनय का लोहा भी मनवाया है। आज हम आपको उन स्टारकिड्स से रूबरू कराएंगे, जिन्होंने अपने घरवालों के खिलाफ जाकर एक्टिंग में अपनी पहचान बनाई है। आइए इन कलाकारों पर डालते हैं एक नजर।
अभिमन्यु दसानी
अभिनेता अभिमन्यु दसानी ने हाल में दादासाहेब फाल्के IFF अवॉर्ड्स 2022 में अपनी जगह बनाई थी। उन्होंने पीपुल्स च्वाइस बेस्ट एक्टर का खिताब जीता था। अभिमन्यु अपने जमाने की सदाबहार अभिनेत्री भाग्यश्री और फिल्ममेकर हिमालय दसानी के बेटे हैं। अभिमन्यु ने हाल में एक इंटरव्यू में बताया कि उनके पिता हिमालय नहीं चाहते थे कि वह एक्टिंग में अपना करियर बनाएं। अभिमन्यु को बॉलीवुड में आने से रोकने के लिए उनके पिता अडिग थे।
जाह्नवी कपूर
इस सूची में अगला नाम उभरती हुईं अभिनेत्री जाह्नवी कपूर का है। वह महान फिल्म निर्माता बोनी कपूर और दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की बेटी हैं। उन्होंने फिल्म 'धड़क' से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था। कहा जाता है कि जाह्नवी की बॉलीवुड में एंट्री को लेकर उनकी मां श्रीदेवी खुश नहीं थीं। खबरों की मानें तो श्रीदेवी चाहती थीं कि उनकी बेटी जाह्नवी बड़ी होकर एक डॉक्टर बनें। जाह्नवी ने मां के खिलाफ जाकर एक्टिंग की राह चुनी।
आमिर खान
मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले आमिर खान भी उन स्टारकिड्स में शामिल हैं, जिनके घरवाले नहीं चाहते थे कि वह एक्टिंग में कदम रखें। आमिर के पिता ताहिर हुसैन थे, जो अपने जमाने के चर्चित निर्माता-निर्देशक थे। वह चाहते थे कि आमिर इंडस्ट्री में कदम रखने के बजाय डॉक्टर या इंजीनियर बनें। आमिर ने परिवार के खिलाफ जाकर फिल्मों में अलग मुकाम बनाया। इसका खुलासा अभिनेता ने 18वें जियो मामी फेस्टिवल के दौरान किया था।
सारा अली खान
सारा अली खान अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री अमृता सिंह की बेटी हैं। काफी समय पहले सैफ ने अमृता को तलाक दे दिया था। सारा और सैफ को अक्सर एक साथ देखा जाता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सैफ अपनी बेटी सारा के इंडस्ट्री में कदम रखने के खिलाफ थे। एक इंटरव्यू में सैफ ने बताया था कि वह चाहते थे कि सारा न्यूयॉर्क में ही काम करें। सारा ने फिल्म 'केदारनाथ' से डेब्यू किया है।
करिश्मा कपूर
कपूर खानदान की बेटी करिश्मा कपूर अपने दौर की शानदार अभिनेत्री रही हैं। उनकी छोटी बहन करीना कपूर भी लोकप्रिय अदाकारा हैं। करिश्मा के पिता रणधीर कपूर भी नहीं चाहते थे कि उनकी बेटी करिश्मा बॉलीवुड की फिल्मों में अपना करियर बनाएं। इसके बावजूद करिश्मा ने ना सिर्फ इंडस्ट्री में काम किया, बल्कि एक अलग पहचान भी बनाई। इस अभिनेत्री ने 1991 में फिल्म 'प्रेम कैदी' से बॉलीवुड में अपना पदार्पण किया था।