सिद्धार्थ शुक्ला से सोनाली फोगाट तक, दुनिया में नहीं रहे ये 'बिग बॉस' के प्रतिभागी
क्या है खबर?
एक बार फिर से बहुत जल्द टीवी पर 'बिग बॉस' के नए सीजन की शुरुआत होगी। खबरों की मानें तो 'बिग बॉस 16' का प्रसारण अक्टूबर से शुरू होने वाला है।
फिर सलमान खान होस्ट के रूप में दर्शकों को गुदगुदाते दिखेंगे। शो के लिए विभिन्न कलाकारों को अप्रोच किया जा रहा है।
आज 'बिग बॉस' के उन प्रतिभागियों पर नजर डालेंगे, जिनका किसी ना किसी वजह से निधन हो चुका है।
#1
सोनाली फोगाट
हाल में 'बिग बॉस 14' की प्रतिभागी सोनाली फोगाट की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया था। 22 अगस्त की रात को गोवा में उनकी मौत हुई।
शुरुआत में बताया गया कि हार्ट अटैक के कारण उनका देहांत हुआ। इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया था कि उनके शरीर पर नुकीली चीजों से प्रहार किया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हत्या से पहले सोनाली को ड्रग्स दिए गए थे और उनका यौन उत्पीड़न किया गया।
#2
सिद्धार्थ शुक्ला
पिछले साल 2 सितंबर को अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला हम सभी को छोड़कर चले गए। 40 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने के कारण उनका निधन हुआ।
'बिग बॉस' के घर में शहनाज गिल के साथ उनकी जोड़ी को लोगों ने खूब सराहा था। ऐसी भी चर्चा चली थी कि दोनों शादी करने वाले थे।
सिद्धार्थ ने 'बिग बॉस 13' का खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने 'बाबुल का आंगन छूटे ना' से अपने अभिनय की शुरुआत की थी।
#3
स्वामी ओम
'बिग बॉस 10' के चर्चित प्रतिभागी रहे स्वामी ओम का 63 साल की उम्र में पिछले साल निधन हो गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह काफी समय से बीमार थे और उनका आधा शरीर लगवाग्रस्त हो चुका था।
ओम के मित्र मुकेश जैन के बेटे अर्जुन जैन ने मीडिया को बताया था कि लकवाग्रस्त होने के कारण उनकी मृत्यु हुई।
'बिग बॉस 10' के दौरान साथी प्रतिभागियों पर मूत्र फेंकने के बाद वह विवादों में आ गए थे।
#4
प्रत्युषा बनर्जी
2016 में टीवी अभिनेत्री प्रत्युषा बनर्जी के निधन ने इंडस्ट्री में सनसनी मचा दी थी। 1 अप्रैल, 2016 को उनका शव उनके घर में फांसी से लटकता हुआ मिला था। मुंबई पुलिस ने इसे खुदकुशी बताया।
इसके बाद प्रत्युषा के बॉयफ्रेंड और अभिनेता राहुल राज पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामले दर्ज हुआ। हालांकि, राहुल के खिलाफ पुलिस कोई ठोस सबूत नहीं पेश कर पाई।
प्रत्युषा 'बिग बॉस 7' का हिस्सा थीं।