Page Loader
शाहरुख खान बने दुनिया के सबसे प्रभावशाली व्यक्ति, मार्क जुकरबर्ग समेत इन दिग्गजों को पछाड़ा
'शाहरुख खान के नाम एक और उपलब्धि

शाहरुख खान बने दुनिया के सबसे प्रभावशाली व्यक्ति, मार्क जुकरबर्ग समेत इन दिग्गजों को पछाड़ा

Apr 07, 2023
01:02 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान ने अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी है। दरअसल, TIME मैगजीन के करवाए गए 2023 TIME 100 पोल में वह पहले स्थान पर आए हैं। इस पोल में मैगजीन के पाठकों ने उन हस्तियों के लिए वोटिंग की थी, जो उनके मुताबिक TIME की ​​सर्वाधिक प्रभावशाली शख्सियतों की वार्षिक सूची में जगह पाने लायक हैं। इसमें शाहरुख को सबसे ज्यादा वोट मिले हैं। उन्होंने मार्क जुकरबर्ग जैसे कई दिग्गजों को पछाड़ पहला स्थान हासिल किया है।

उपलब्धि

इन हस्तियों के बीच अव्वल आए शाहरुख

टाइम्स डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रक्रिया में कुल मिलाकर 12 लाख से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। वोटिंग के बाद आए परिणाम में 4 फीसदी वोट पाकर शाहरुख शीर्ष पर रहे। इस सूची में शाहरुख ने मशहूर हॉलीवुड अभिनेत्री मिशेल यो, दुनिया की सबसे मशहूर टेनिस खिलाड़ियों में शुमार सेरेना विलियम्स, मेटा (फेसबुक) के CEO मार्क जुकरबर्ग और दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनाशियो लुला डा सिल्वा को भी कोसों दूर छोड़ दिया है।

ईरानी महिला प्रदर्शनकारी

दूसरे स्थान पर रहीं ईरान की महिलाएं

दूसरे स्थान पर ईरान में अपनी आजादी के लिए आवाज उठा रही महिलाएं हैं। ईरान की 'मोरैलिटी पुलिस' के हाथों 22-वर्षीय महसा अमीनी के मारे जाने के बाद ये महिला प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आई थीं। इनको 'TIME 2022 हीरोज ऑफ द ईयर' का खिताब दिया गया था। पिछले साल का 'पर्सन ऑफ द ईयर' रीडर पोल भी इन्हीं ने जीता था। तीसरे स्थान पर स्वास्थ्य कर्मी रहे, जो कोरोना महामारी के प्रकोप से दुनियाभर को बचाने में जूझते रहे।

जगह

प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेघन मार्कल चौथे स्थान पर

इसके अलावा 1.9 प्रतिशत वोट पाकर ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी में मेघन मार्कल चौथे स्थान पर रहे। मशहूर फुटबॉलर और अर्जेंटीना की विश्व कप विजेता टीम के कप्तान लियोनल मेसी को इस पोल में पांचवा स्थान मिला। उन्हें 1.8 फीसदी वोट मिले। सेरेना, जुकरबर्ग और लुइज इनाशियो ने भी इसमें अपनी जगह बनाई, लेकिन ये कौन से स्थान पर हैं, यह 13 अप्रैल को टाइम 100 की पूरी लिस्ट जारी होने के बाद ही पता चलेगा।

गर्व

दुनियाभर में चौथे सबसे अमीर अभिनेता हैं शाहरुख

शाहरुख ने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर न सिर्फ बॉलीवुड, बल्कि दुनियाभर में जगह बनाई। चार साल फिल्मी पर्दे से दूर रहने के बाद भी शाहरुख की अमीरी में कोई कमी नहीं आई। वह दुनिया के चौथे सबसे अमीर सेलेब्रिटी हैं। पिछले साल दिसंबर में दुनिया के सबसे अमीर 8 अभिनेताओं की लिस्ट जारी हुई थी, जिसमें शाहरुख चौथे नंबर पर थे। 'वर्ल्ड ऑफ स्टैटिसटिक्स' के मुताबिक, 'पठान' उर्फ शाहरुख 6,300 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं।

जानकारी

शाहरुख की आने वाली फिल्में

शाहरुख जल्द ही फिल्म 'डंकी' में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ तापसी पन्नू हैं। उनकी फिल्म 'जवान' भी खूब चर्चा में है। इसमें उनकी जोड़ी नयनतारा के साथ बनी है। साउथ के लोकप्रिय निर्देशक एटली इस फिल्म के निर्देशन की कमान संभाल रहे हैं।