
सलमान ने बताया फिल्म 'बजरंगी भाईजान' के सीक्वल का नाम
क्या है खबर?
आज सलमान खान खूब सुर्खियों में हैं। चर्चा होना भी वाजिब है, क्योंकि आज उनका जन्मदिन है। सलमान हर साल अपना जन्मदिन पनवेल फार्महाउस पर मनाते हैं और इस बार भी जश्न वहीं मनाया जा रहा है।
अपने जन्मदिन पर सलमान ने अपनी हिट फिल्म 'बजरंगी भाईजान' के सीक्वल के नाम का भी ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी दूसरी फिल्मों पर भी मीडिया से बात की है।
आइए जानते हैं सलमान ने क्या कुछ कहा।
घोषणा
सलमान के किरदार पर रखा गया सीक्वल का नाम
सलमान से पूछा गया कि क्या वह फिल्ममेकर एसएस राजामौली के साथ काम करने जा रहे हैं? इस पर उन्होंने कहा, "नहीं, मैं उनके पिता केवी विजयेंद्र प्रसाद के साथ काम कर रहा हूं। वह 'बजरंगी भाईजान' के सीक्वल की स्क्रिप्ट लिख रहे हैं। उन्होंने फिल्म का नाम 'पवन पुत्र भाईजान' रखा है।"
बता दें कि 'बजरंगी भाईजान' में सलमान के किरदार का नाम पवन होता है। ऐसे में फिल्म के सीक्वल का नाम उनके किरदार पर रखा गया है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
'बजरंगी भाईजान' की कहानी केवी विजयेंद्र प्रसाद की कलम से ही निकली थी। वह अब तक 25 से ज्यादा फिल्मों की कहानी लिख चुके हैं। 'बाहुबली' की पटकथा भी उन्होंने लिखी थी। अपने बेटे राजामौली की फिल्म 'RRR' के लेखक भी विजयेंद्र प्रसाद ही हैं।
शुरुआत
कब शुरू होगी 'नो एंट्री' के सीक्वल की शूटिंग?
सलमान ने अपनी सुपरहिट कॉमेडी फिल्म 'नो एंट्री' के सीक्वल को लेकर भी बड़ी घोषणा की है। सलमान ने कहा, "टाइगर 3 की शूटिंग के बाद 'नो एंट्री' के सीक्वल पर काम शुरू किया जाएगा।"
सलमान ने यह भी बताया कि 'टाइगर 3', शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' के बाद रिलीज होगी।
काफी समय से ऐसी चर्चा थी कि 'पठान' के आखिर में सलमान अपना 'टाइगर 3' का लुक दिखाएंगे और फिर उनकी इस फिल्म की भूमिका बंधेगी।
हादसा
सलमान ने बताई सांप के काटने की कहानी
सलमान को पनवेल फार्महाउस में क्रिसमस के दिन सांप ने काट लिया था। इस बारे में उन्होंने बताया, "मेरे फार्महाउस में एक सांप आ गया था। मैं उसे लाठी से बाहर लेकर जा रहा था, लेकिन वह धीरे-धीरे मेरे हाथ पर आ गया। मैंने उसे पकड़कर हटाना चाहा, लेकिन इसी दौरान उसने मुझे तीन बार काट लिया।"
उन्होंने कहा, "वह एक जहरीला सांप था। सांप काटने के बाद मैं छह घंटे हास्पिटल में रहा। हालांकि, अब मैं ठीक हूं।"
फिल्में
इन फिल्मों को लेकर भी सुर्खियों में हैं सलमान
सलमान फिल्म 'कभी ईद कभी दिवाली' में नजर आएंगे। इसमें वह अभिनेत्री पूजा हेगड़े के साथ रोमांस करते दिखेंगे। पूजा को पहली बार अपने करियर में सलमान का साथ मिला है।
सलमान 'किक 2' में काम कर रहे हैं। इसमें एक बार फिर जैकलीन फर्नांडिस उनकी जोड़ीदार होंगी।
वह फिल्म 'पठान' और 'लाल सिंह चड्ढा' में भी मेहमान भूमिका निभाने वाले हैं। सलमान साउथ के सुपरस्टार चिरंजीवी के साथ उनकी फिल्म 'गॉडफादर' में एक गाने पर डांस करते दिखेंगे।