सैफ अली खान ने आखिरकार बनाया इंस्टाग्राम अकाउंट, शानदार तस्वीर के साथ किया डेब्यू
क्या है खबर?
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सैफ अली खान ने अपने प्रशंसकों को एक खुशखबरी दी है। उनके प्रशंसकों का सालों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। दरअसल, सैफ ने 11 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर डेब्यू कर लिया है और अपनी पहली पोस्ट भी साझा की है। सालों तक अपनी निजी जिंदगी को सोशल मीडिया से दूर रखने के बाद अब अभिनेता ने इस प्लेटफार्म पर एंट्री करके प्रशंसकों को एक खास तोहफा दे दिया है।
अकाउंट
पहली पोस्ट ने सोशल मीडिया पर मचाया धमाल
सैफ ने इंस्टाग्राम अकाउंट @saifalikhanpataudi नाम से बनाया है, जिस पर खबर लिखे जाने तक करीब 3,000 से फॉलोअर्स हो गए हैं।
उन्होंने केवल एक हस्ती को फॉलो किया है, जो कोई और नहीं, बल्कि उनकी पत्नी करीना कपूर खान हैं।
सैफ ने पहले पोस्ट में अपनी शाही तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह अपने आलीशान घर की भव्य लाइब्रेरी में पोज करते दिखे।
अभिनेता ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'पटौदी लाइब्रेरी, किताबों को उनके कवर से जज करते हुए।'
इंटरव्यू
सैफ एक सीक्रेट अकाउंट से देखा करते थे कंटेंट
2024 के एक इंटरव्यू में सैफ ने खुलासा किया था कि उनका एक निजी इंस्टाग्राम अकाउंट है, जिसे वह कभी-कभी कंटेंट ब्राउज किया करते थे।
उन्होंने कहा था, "मेरे पास इंस्टाग्राम ऐप है और एक सीक्रेट अकाउंट भी है। मैं कभी-कभी इसे देखता हूं, लेकिन मुझे इसमें ज्यादा मजा नहीं आता। जब भी मैं थोड़ी देर के लिए इसे देखता हूं तो मैं इसे डिलीट करने का वादा तो करता हूं, लेकिन आखिर में इसे डिलीट नहीं करता।"
निजी जिंदगी
सोशल मीडिया से क्यों दूर थे सैफ?
सैफ ने पुराने इंटरव्यू में इस बात का भी खुलासा किया था कि वह सोशल मीडिया से क्यों दूर थे।
उन्होंने उस वक्त कहा था, "मैं ऐसी स्थिति में नहीं फंसना चाहता, जहां मुझे दूसरों की चीजें पोस्ट करनी पड़ें। मुझे इस बात से बहुत सुकून मिलता है कि कोई भी मुझसे किसी चीज को प्रमोट करने के लिए नहीं कहता, क्योंकि उन्हें पता है कि मैं सोशल मीडिया पर नहीं हूं। इसलिए, मुझे काफी शांति और सुकून मिलता है।"