साई पल्लवी की पिछली 5 फिल्मों का हाल, 'रामायण' की 'सीता' बनकर बॉलीवुड में करेंगी कमाल?
क्या है खबर?
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' का टीजर रिलीज होते ही साई पल्लवी एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। अपनी सादगी और दमदार अभिनय के लिए मशहूर साई इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपनी बड़ी शुरुआत करने जा रही हैं। फैंस उन्हें 'माता सीता' के रूप में देखने के लिए बेताब हैं, लेकिन साउथ सिनेमा में अपनी शर्तों पर काम करने वाली साई का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड कैसा रहा है। एक नजर साई की पिछली 5 फिल्मों पर।
#1
'थंडेल'
साई पिछली बार साल 2024 में 'थंडेल' नाम की एक फिल्म लेकर आई थीं, जिसमें उनकी जोड़ी नागा चैतन्य के साथ बनी थी, जिसमें दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया। उधर अभिनय के मोर्चे पर एक बार फिर साई ने जमकर वाहवाही लूटी। चंदू मोंडेती ने इस फिल्म की कहानी भी लिखी है और इसका निर्देशन भी किया। 75 करोड़ रुपये के बजट वाली ये फिल्म 100 करोड़ रुपये के जादुई क्लब में शामिल हुई थी।
#2
'अमरन'
मेजर मुकुंद वरदराजन के जीवन पर आधारित इस फिल्म में साई पल्लवी ने 'इन्दु रेबेका वर्गीस' का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से भरपूर प्यार मिला। 'अमरन' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म की सफलता का एक बड़ा श्रेय साई की भावनाओं से भरी और प्रभावशाली एक्टिंग को जाता है। 120 करोड़ रुपये इस फिल्म का बजट था और इसने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था।
#3
'गार्गी'
अगर साई के करियर की सबसे प्रभावशाली फिल्मों की बात हो तो 'गार्गी' का नाम सबसे ऊपर आता है। एक पिता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती एक साधारण बेटी की कहानी को साई ने जिस संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारा, उसने सबका दिल जीत लिया। हालांकि, बॉक्स ऑफिस के लिहाज से ये फिल्म एक बड़ी कमर्शियल हिट नहीं बन पाई, लेकिन एक अभिनेत्री के तौर पर साई के लिए ये फिल्म मील का पत्थर साबित हुई।
#4 और #5
'विराट पर्वम' और 'श्याम सिंघा रॉय'
राणा दग्गुबाती के साथ आई फिल्म 'विराट पर्वम' साई पल्लवी के करियर का एक ऐसा अनुभव रही, जिसने समीक्षकों से तारीफ तो बटोरी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर लड़खड़ा गई। फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही। 15 करोड़ के बजट वाली ये फिल्म दुनियाभर में बस 13 करोड़ रुपये जुटा पाई थी। उधर नानी संग आई साई की'श्याम सिंघा रॉय' सफल रही थी। 50 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म ने 65 करोड़ रुपये कमाए थे।