Page Loader
अपने 'सिंबा' और 'सूर्यवंशी' के साथ 'सिंघम अगेन' की शूटिंग के लिए तैयार रोहित शेट्टी
'सिंघम अगेन' के लिए तैयार रोहित शेट्टी

अपने 'सिंबा' और 'सूर्यवंशी' के साथ 'सिंघम अगेन' की शूटिंग के लिए तैयार रोहित शेट्टी

Jun 28, 2023
07:13 pm

क्या है खबर?

रोहित शेट्टी की कॉप यूनिवर्स की अगली फिल्म 'सिंघम अगेन' का प्रशंसक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। निर्माता भी इस फिल्म के प्री-प्रोडक्शन में जोरशोर से लगे हुए हैं। दावा किया जा रहा है कि फिल्म में सितारों की फौज नजर आएगी। 'सिंघम अगेन' में अजय देवगन के साथ अक्षय कुमार (सूर्यवंशी) और रणवीर सिंह (सिंबा) को होने की खबरें पहले ही आ चुकी हैं। अब फिल्म की स्क्रिप्ट की दिलचस्प जानकारियां सामने आई हैं।

अक्षय कुमार

ऐसा होगा अक्षय का किरदार

पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, अक्षय कुमार फिल्म में एक प्रभावशाली नायक के रूप में हाजिर होंगे। एक सूत्र ने पोर्टल को बयाया, "अक्षय सिंघम अगेन में एक अहम पड़ाव पर एंट्री लेंगे। यह वैसा ही होगा जैसे सिंघम ने सूर्यवंशी और सिंबा में एंट्री ली थी। अक्षय का किरदार एक जांच समिति के अध्यक्ष का है, जिसकी कहानी में अहम भूमिका है।" अक्षय की 'सूर्यवंशी' 2021 में रिलीज हुई थी।

रणवीर सिंह

कॉमेडी लेकर आएगा सिंबा

रणवीर सिंह का किरदार सिंबा भी फिल्म में हीरो की तरह एंट्री लेगा। उनका किरदार फिल्म में कॉमेडी लेकर शामिल होगा। सूत्र का कहना है, "सिंबा रोहित शेट्टी के यूनिवर्स का सबसे अनोखा किरदार है और रोहित को पता है कि उन्हें इसके साथ क्या करना है। उन्होंने यूनिवर्स के सभी किरदारों की ताकत को मिलाकर प्लॉट का एक बेहतरीन ताना-बाना बुना है। अब वह इसकी शूटिंग के लिए तैयार हैं।"

सिंघम 

अगस्त में शुरू होगी शूटिंग

रोहित शेट्टी 1 दशक बाद अपनी 'सिंघम' पर काम कर रहे हैं और वह अपने मुख्य पात्र को ताकतवर पात्र की तरह पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सूत्र ने कहा, "उन्होंने किरदार के अलग-अलग पहलुओं को खोजा है और अपनी अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म से दर्शकों को उत्साहित करने के लिए तैयार हैं। अजय देवगन की सिंघम सभी सिने प्रेमियों के लिए एक तोहफे जैसी होगी।" रोहित अगस्त में इस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे।

स्टारकास्ट

फिल्म में नजर आएंगे ये सितारे

इससे पहले खबरें आई थीं कि रोहित इस फिल्म के लिए एक बड़ी स्टारकास्ट लेकर आए हैं। इसमें करीना कपूर, रणवीर सिंह, विक्की कौशल, दीपिका पादुकोण, जैकी श्रॉफ और अक्षय कुमार शामिल होंगे। जैकी श्रॉफ 'सिंघम अगेन' में विलेन की भूमिका निभाएंगे। कई नए कलाकार भी इससे जुड़ने वाले हैं। रोहित खुद भी इस फिल्म के लिए काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि यह फिल्म 'सूर्यवंशी' से दसगुना बड़ी फिल्म होगी।