Page Loader
अल्लू अर्जुन की फिल्म 'AA22xA6' में रश्मिका मंदाना की एंट्री, अपने किरदार से उड़ाएंगी होश 
रश्मिका मंदाना की अल्लू अर्जुन की फिल्म में एंट्री (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@rashmika_mandanna)

अल्लू अर्जुन की फिल्म 'AA22xA6' में रश्मिका मंदाना की एंट्री, अपने किरदार से उड़ाएंगी होश 

Jul 09, 2025
07:30 pm

क्या है खबर?

अल्लू अर्जुन पिछली बार फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' में नजर आए थे और उनकी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था। दुनियाभर में फिल्म ने ताबड़तोड़ कमाई की थी। अल्लू के साथ रश्मिका मंदाना भी खूब चर्चा में रही थीं। अब अल्लू निर्देशक एटली के साथ अपनी अगली फिल्म 'AA22xA6' ला रहे हैं और खबर है कि रश्मिका उनकी इस फिल्म से भी जुड़ गई हैं। क्या कुछ जानकारी मिली है, आइए जानते हैं।

रिपोर्ट

फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी रश्मिका

पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, एटली ने फिल्म की स्टारकास्ट से रश्मिका को भी जोड़ दिया है। इसमें अल्लू के साथ पहले ही दीपिका पादुकोण, जाह्नवी कपूर और मृणाल ठाकुर को कास्ट किया गया था और अब रश्मिका के फिल्म से जुड़ने के बाद बेशक इसे लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ जाएगा। एटली ने एक बेहद खास भूमिका निभाने के लिए रश्मिका का चयन किया है और उन्हें लगता है कि इसके साथ रश्मिका ही न्याय कर सकती हैं।

भूमिका

रश्मिका पहली बार निभाएंगी एक बेहद साहसी किरदार

रिपोर्ट में बताया गया है कि रश्मिका इस फिल्म के जरिए पहली बार एक ऐसा साहसी किरदार निभाने जा रही हैं, तो उन्होंने आज तक कभी नहीं निभाया। उन्हें बेहद चुनौतीपूर्ण भूमिका में देखना दर्शकों के लिए एक बिल्कुल अलग अनुभव होने वाला है। फिल्म में 'पुष्पा 2' की तरह अल्लू के साथ रश्मिका का रोमांटिक एंगल देखने को नहीं मिलेगा, बल्कि इसमें रश्मिका का किरदार बिल्कुल जुदा होने वाला है। जो कुछ भी होगा, वो बड़ा दिलचस्प होगा।

शूटिंग

कब खत्म होगी शूटिंग और कब रिलीज होगी फिल्म?

बता दें कि एटली की ये फिल्म एक बड़े भारी-भरकम बजट में बन रही है। इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है। अगल साल यानी 2026 की छमाही में फिल्म की शूटिंग खत्म करने की योजना है। 2026 के अंत में या 2027 की शुरुआत में फिल्म सिनेमाघरों का रुख करेगी। यह हिंदी और तेलुगू समेत एक साथ कई भाषाओं में रिलीज होगी। पिछले महीने ही फिल्म के टीजर के साथ इसका धमाकेदार ऐलान हुआ था।

अन्य फिल्में

रश्मिका की ये फिल्में भी हैं कतार में

रश्मिका हॉरर कॉमेडी फिल्म 'थामा' ला रही हैं। इसमें उनकी जोड़ी आयुष्मान खुराना के साथ बनी है। उनकी फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' की रिलीज का इंतजार भी दर्शक लंबे समय से कर रहे हैं। उधर लगभग 13 साल फिल्म 'कॉकटेल' का सीक्वल आ रहा है। 'कॉकटेल 2' के हीरो शाहिद कपूर हैं और फिल्म में वह 2 अभिनेत्रियों के साथ इश्क फरमाते नजर आएंगे। एक कृति सैनन और दूसरी रश्मिका। 'पुष्पा 3: द रैम्पेज' और 'मैसा' भी रश्मिका के पास हैं।