
रणवीर सिंह ने ठुकराईं इस निर्देशक की 2 ब्लॉकबस्टर फिल्में, बॉक्स ऑफिस पर मचाया था धमाल
क्या है खबर?
रणवीर सिंह 40 साल के हो गए हैं। उन्होंने बाहरी होते हुए भी बॉलीवुड में अपने दम पर अपनी धाक जमाई है। पहली ही फिल्म 'बैंड बाजा बारात' से उन्होंने यह साबित कर दिया था कि वह इंडस्ट्री में राज करने आए हैं। इसके बाद रणवीर ने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्में दीं और जाने-माने निर्देशकों के साथ काम लिया। क्या आप जानते हैं रणवीर ने निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की 2 ब्लाकबस्टर फिल्में ठुकरा दी थीं।
कबीर सिंह
रणवीर को 'कबीर सिंह' में कास्ट करना चाहते थे वांगा
रणवीर ने वांगा की सुपरहिट फिल्म 'कबीर सिंह' का प्रस्ताव ठुकरा दिया था। शाहिद कपूर से पहले निर्माताओं ने रणवीर से संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने इस फिल्म को करने से मना कर दिया। बाद में शाहिद को कबीर सिंह के रूप में कास्ट किया गया और यह फिल्म उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई। 55 करोड़ रुपये की लागत में बनी 'कबीर सिंह' ने दुनियाभर में 377 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
एनिमल
'एनिमल' भी ठुकरा चुके हैं वांगा
'कबीर सिंह' ही नहीं, रणवीर ने वांगा की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'एनिमल' को करने से भी मना कर दिया है। रणबीर कपूर से पहले वांगा ने रणवीर से ही बातचीत की थी, लेकिन उन्हें अपनी भूमिका और फिल्म की कहानी बहुत डार्क लगी, जिसके चलते उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। बता दें कि 'एनिमल' ने दुनियाभर में 915 करोड़ रुपये जुटाए थे, जबकि फिल्म का बजट 100 करोड़ रुपये था। इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
आगामी फिल्म
जल्द 'धुरंधर' में नजर आएंगे रणवीर
रणवीर काफी समय से फिल्म 'धुरंधर' को लेकर चर्चा में बने हैं। उनकी इस फिल्म के निर्देशन की कमान यामी गौतम के पति और निर्देशक आदित्य धर ने संभाली है। इस फिल्म में आर माधवन, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 'धुरंधर' इस साल 5 दिसंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। फिलहाल इसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।