'रामायण' के 3D ट्रेलर को सेंसर बोर्ड से मिली मंजूरी, जानिए कब लेगा सिनेमाघरों में एंट्री
क्या है खबर?
रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण' 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसका प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार है। इसी बीच फिल्म के 3D वर्जन के 2 मिनट 26 सेकंड लंबे ट्रेलर को 15 अक्टूबर को 'सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC)' ने मंजूरी दे दी है। सूत्रों के मुताबिक, इस ट्रेलर को अगले हफ्ते से प्रशंसक सिनेमाघरों में देख पाएंगे। हाल ही में इस फिल्म का नया ट्रेलर भी रिलीज किया गया था।
ट्रेलर
फिल्म के लिए खासा फायदेमंद साबित होगा 3D ट्रेलर
एक सूत्र ने बताया, "3D वर्जन फिल्म निर्माता नितेश तिवारी की दृष्टि का अहम हिस्सा है और खासतौर पर फिल्म की वैश्विक रणनीति का भी। इसका मकसद दर्शकों को ऐसा अनुभव देना है, जिससे वे फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए प्रेरित हों। IMAX फॉर्मेट इस कोशिश का एक मुख्य हिस्सा होगा। रिलीज की बात करें तो निर्माताओं का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50,000 से ज्यादा और भारत में लगभग 9,000 स्क्रीन्स पर फिल्म को रिलीज करना है।"
रणनीति
फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल बनाने की योजना
सूत्र ने आगे कहा, "मुख्य ध्यान इस बात पर है कि फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्शकों के सामने कैसे पेश किया जाए। इसमें 3D अनुभव एक अहम भूमिका निभाएगा।"
इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल बनाने के लिए कई रणनीतियां अपनाई जा रही हैं, जिनमें से एक है इसे 40 भाषाओं में डब करना। निर्माता चाहते हैं कि 'रामायण' दुनिया की सबसे बड़ी भारतीय फिल्म बनकर उभरे।