बॉलीवुड में हमेशा रहेगा नेपोटिज्म, लेकिन कलाकार का काम बोलेगा- राजकुमार राव
क्या है खबर?
राजकुमार राव बॉलीवुड के उन अभिनेताओं में शुमार हैं जिन्होंने किसी फिल्मी बैकग्राउंड के बिना अपनी प्रतिभा से अपनी पहचान बनाई है। नेपोटिज्म पर होने वाली बहस से राजकुमार ने अकसर दूरी ही बनाकर रखी है।
अब एक इंटरव्यू में राजकुमार ने बॉलीवुड में नेपोटिज्म पर अपनी बात कही है। उन्होंने OTT प्लेटफॉर्म्स की बढ़ती लोकप्रियता से कलाकारों को मिलने वाले मौके पर भी बात की।
राजकुमार इन दिनों फिल्म 'हिट द फर्स्ट केस' के प्रचार में व्यस्त हैं।
बयान
अपने काम से मिलेगी पहचान- राजकुमार राव
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार नेपोटिज्म के बारे में राजकुमार ने कहा कि यह बॉलीवुड में हमेशा रहेगा, लेकिन कलाकार का काम और उसकी प्रतिभा से उसे पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन स्ट्रीमिंग प्लैटफॉर्म्स की वजह से उनके कई क्लासमेट को अब पहचान मिली है। उन्होंने 'पाताल लोक' में जयदीप अहलावत और 'स्कैम 1992' में प्रतीक गांधी का उदाहरण दिया।
राजकुमार 'काई पो चे', 'शाहिद', 'स्त्री', 'न्यूटन' जैसी फिल्मों में अभिनय का दम दिखा चुके हैं।
ऐक्शन
पहली बार ऐक्शन अवतार में नजर आएंगे राजकुमार
राजकुमार राव की फिल्म 'हिट द फर्स्ट केस' 15 जुलाई को रिलीज होगी। फिल्म में राजकुमार के साथ सान्य मल्होत्रा भी हैं। इस सस्पेंस थ्रिलर फिल्म में राजकुमार पुलिस अफसर के किरदार में हैं।
ANI से बातचीत में राजकुमार ने कहा, "हिट के पहले मुझे किसी ने ऐक्शन फिल्म नहीं दी थी। मैंने इसका भरपूर लुत्फ लिया है। इसका ऐक्शन असली है। इस फिल्म को लेकर मैं गौरवान्वित हूं। इसमें मेरा अलग अवतार देखने को मिलेगा।"
नई फिल्म
जाह्नवी कपूर के साथ क्रिकेटर बनेंगे राजकुमार
राजकुमार जल्द ही क्रिकेटर के अवतार में भी नजर आएंगे। वह जाह्नवी कपूर के साथ मिस्टर ऐंड मिसेज माही में काम कर रहे हैं। राजकुमार और जाह्नवी दोनों इस फिल्म में क्रिकेटर की भूमिका में नजर आएंगे।
यह फिल्म क्रिकेट की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसके लिए दोनों कलाकारों ने प्रशिक्षण लिया है। इस फिल्म को करण जौहर प्रोड्यूस कर रहे हैं।
'रूही' के बाद दूसरी बार राजकुमार और जाह्नवी एक साथ किसी फिल्म में काम कर रहे हैं।
आगामी फिल्में
इन फिल्मों में नजर आएंगे राजकुमार
राजकुमार के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह हाल में 'बधाई दो' में नजर आए हैं। हालांकि, यह फिल्म नहीं चल पाई और वह कोई छाप नहीं छोड़ पाए।
निर्देशक हंसल मेहता की फिल्म 'स्वागत है' राजकुमार के खाते से जुड़ी है। वह 'सेकंड इनिंग' में भी नजर आएंगे। फिल्म 'स्त्री 2' में वह अपने अभिनय का जौहर दिखाएंगे।
अनुराग कश्यप की 'लाइफ इन अ मेट्रो' के सीक्वल में राजकुमार एक खास भूमिका निभाएंगे।