
राजकुमार राव बनने वाले हैं पिता, पत्नी पत्रलेखा की प्रेग्नेंसी पर यूं लगाई मोहर
क्या है खबर?
अभिनेता राजकुमार राव पिछली बार फिल्म 'भूल चूक माफ' में नजर आए थे। इन दिनों वह अपनी अगली फिल्म 'मालिक' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं और इसी के प्रचार-प्रसार में लगे हैं। अपनी इस फिल्म की रिलीज से पहले ही उन्होंने अपने प्रशंसकों को एक बड़ी खुशखबरी दे दी है। दरअसल, राजकुमार की पत्नी पत्रलेखा प्रेग्नेंट हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर यह खुलासा किया है।
खुशखबरी
वरुण धवन समेत इन सितारों ने दी बधाई
राजकुमार-पत्रलेखा ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें लिखा है, 'बेबी ऑन द वे', जिसका मतलब है बच्चा आने वाला है। दोनों ने घर में आने वाली इस खुशी को लेकर उत्साह जाहिर किया है। राजकुमार का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रशंसकों से लेकर सितारे तक उन्हें और उनकी पत्नी को शुभकामनाएं दे रहे हैं। वरुण धवन, हुमा कुरैशी, नुसरत भरूचा और पुलकित सम्राट जैसे कई कलाकारों ने उन्हें मुबारकबाद दी है।
बेसब्री
फराह से नहीं हो रहा था इंतजार
फराह खान को पहले से ही पत्रलेखा के प्रेग्नेंट होने की बात पता थी। ऐसे में उन्होंने कमेंट किया, 'आखिरकार गुड न्यूज बाहर आ गई। मुझे इसे अपने तक रखने में बहुत मुश्किल हो रही थी। बधाई हो।' सोनम कपूर ने लिखा, 'बहुत खुश हूं तुम दोनों के लिए दोस्त।' उनके अलावा नेहा धूपिया, भारती सिंह और ईशा गुप्ता समेत कई अभिनेत्रियाें ने राजकुमार और पत्रलेखा को बधाई दी है।
अफवाहें
...जब उड़ी पत्रलेखा की प्रेग्नेंसी की अफवाहें
इस साल जनवरी में भी पत्रलेखा की प्रेग्नेंसी की खबरें उड़ी थीं और इन अफवाहों को तूल खुद राजकुमार के एक पोस्ट ने दिया था। दरअसल, राजकुमार ने पत्रलेखा के साथ अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर लिखा था, 'कुछ स्पेशल आ रहा है। आपके साथ साझा करने का इंतजार नहीं कर सकते।' इसके बाद से ही लोग कयास लगाने लगे थे कि दोनों माता-पिता बनने वाले हैं। हालांकि, राजकुमार ने उस समय इससे इनकार कर दिया था।
शादी
कब हुई थी राजकुमार और पत्रलेखा की शादी?
राजकुमार और पत्रलेखा 15 नवंबर, 2021 में शादी के बंधन में बंधे थे। राजकुमार को पहली बार पत्रलेखा ने फिल्म 'लव सेक्स और धोखा' में देखा था, वहीं राजकुमार ने उन्हें एक विज्ञापन में देखा था। राजकुमार को तो पत्रलेखा पहली ही नजर में पसंद आ गई थीं, लेकिन पत्रलेखा को राजकुमार कुछ ज्यादा पसंद नहीं आए थे। साल 2014 में जब उन्होंने फिल्म 'सिटीलाइट्स' में पहली बार साथ काम किया, तब उनके बीच नजदीकियां बढ़ी थीं।