सैफ अली खान की फिल्म से प्रियंका चोपड़ा ने किया किनारा, आखिर क्या है वजह?
क्या है खबर?
सैफ अली खान ने अगली फिल्म के लिए फिल्ममेकर रितेश बत्रा से हाथ मिलाया है। बताया जा रहा है कि यह एक अनाम पीरियड ड्रामा होगी जिसमें मुख्य अभिनेत्री के तौर पर प्रियंका चोपड़ा शामिल थीं। हालांकि, सैफ और प्रियंका को एक साथ फिल्म में देखने का फैंस का सपना अब पूरा नहीं होगा, क्योंकि अभिनेत्री इस परियोजना का हिस्सा नहीं हैं। सूत्र का कहना है कि प्रियंका ने अपने व्यस्त दिनचर्या की वजह से परियोजना से किनारा कर लिया।
कारण
सैफ और रितेश की फिल्म में नहीं दिखेंगी प्रियंका
मिड-डे के मुताबिक, फिल्म कास्टिंग में बदलाव की यह खबर ऐसे समय में आई है, जब 21 अक्टूबर से इसकी शूटिंग मुंबई के बायकुला के एक म्यूजियम में शुरू हुई।
सूत्र ने कहा, "प्रियंका के मुंबई शूट में शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें फिल्म छोड़नी पड़ी। वह सैफ और रितेश के साथ काम करना चाहती थीं। लेकिन, उनकी मौजूदा पेशेवर प्रतिबद्धताओं के कारण शेड्यूलिंग में दिक्कत आ गई। टीम ने तारीखें इधर-उधर करनी चाही, लेकिन बात नहीं बनी।"
तलाश
प्रियंका की जगह दूसरी कास्टिंग में जुटी टीम
रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रियंका के फिल्म छोड़ने के बाद, निर्माताओं ने इस रोल के लिए 2 लीडिंग एक्टर्स से बातचीत शुरू कर दी है। शूटिंग शुरू हो गई है, इसलिए वे जल्द ही किसी एक को फाइनल कर लेंगे।
फिलहाल, निर्देशक फिल्म के लिए सैफ के साथ आगे बढ़ रहे हैं। शुरुआती दिनों में अभिनेता अपने हिस्सों की शूटिंग करेंगे। उम्मीद है कि प्रियंका की जगह जल्द नई अभिनेत्री का ऐलान किया जाएगा।