Page Loader
'MTV लव स्कूल' से लोकप्रिय हुए जगनूर अनेजा का निधन
'MTV लव स्कूल' फेम जगनूर अनेजा का निधन

'MTV लव स्कूल' से लोकप्रिय हुए जगनूर अनेजा का निधन

Sep 23, 2021
07:01 pm

क्या है खबर?

टीवी के मशहूर अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला के निधन को अभी एक महीना नहीं बीता है कि टीवी की दुनिया से एक और गमगीन करने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, 'MTV लव स्कूल' से मशहूर हुए जगनूर अनेजा भी इस दुनिया में नहीं रहे। दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ है। उनके निधन की खबर सुनने के बाद प्रशंसक सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त कर रहे हैं। आइए जानते हैं इस बारे में और क्या जानकारी मिली है।

दुखद

मिस्त्र में छुट्टी मना रहे थे जगनूर

जानकारी के मुताबिक जगनूर मिस्त्र में छुट्टी मना रहे थे, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। जगनूर के निधन पर अभी अधिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ है। जगनूर के इस तरह अचानक चले जाने से फैंस को बड़ा झटका लगा है। सोशल मीडिया पर प्रशंसक जगनूर की तस्वीरें और वीडियो शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। फैंस जगनूर से जुड़ीं अपनी यादें साझा कर रहे हैं।

जानकारी

दो दिन पहले ही जगनूर ने शेयर किया था ये वीडियो

जगनूर ने दो दिन पहले ही इंस्टाग्राम पर अपने सैर-सपाटे का वीडियो शेयर किया था। वीडियो में वह मिस्र की खूबसूरत जगह और पिरामिडों को दिखाते हुए नजर आए थे। पिरामिडों के साथ पोज देते हुए जगनूर ने लिखा था, 'एक सपना सच हुआ, जब मैंने गीजा के महान पिरामिडों को देखा। मेरी एक और इच्छा पूरी हुई।' हालांकि, किसे मालूम था कि जगनूर का यह आखिरी ट्रिप होगा और उनके बाकी के सपने हमेशा के लिए अधूरे रह जाएंगे।

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए जगनूर का वीडियो

हैरानी

फैंस को नहीं हो रहा यकीन

कोई ये यकीन नहीं कर पा रहा है कि जगनूर अब इस दुनिया में नहीं हैं। एक प्रशंसक ने लिखा, मैं इससे पता नहीं कैसे उबर पाऊंगा। आपको हमेशा याद किया जाएगा जगनूर। एक अन्य ने लिखा, ओह माय गॉड, क्या ये सच है? उसे क्या हुआ?' एक ने लिखा, अरे यार ऐसा कैसे? दिल टूट गया। एक्टर करण सिंह छाबड़ा ने भी शोक व्यत करते हुए लिखा, 'बेहद चौंकाने वाला। आपकी आत्मा को शांति मिले जगनूर। जीवन अप्रत्याशित है।'

शो

जगनूर 'लव स्कूल' में आए थे नजर

याद दिला दें कि जगनूर, करण कुंद्रा और अनुषा दांडेकर के शो 'MTV लव स्कूल' के पहले और दूसरे सीजन में नजर आए थे। पहले सीजन में उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड मनीषा के साथ हिस्सा लिया था, लेकिन बाद में दोनों का ब्रेकअप हो गया। मनीषा से ब्रेकअप के बाद जगनूर मोनिका के साथ रिलेशनशिप में आ गए थे। हालांकि, मोनिका के साथ भी उनका रिश्ता लंबा नहीं चला। कुछ समय बाद मोनिका और जगनूर की राहें भी जुदा हो गईं।