अनुषा दांडेकर संग ब्रेकअप की खबरों पर करण कुंद्रा ने तोड़ी चुप्पी, दिया ये जवाब

कुछ समय से अभिनेता करण कुंद्रा और अनुषा दांडेकर अपने ब्रेकअप की खबरों के कारण सुर्खियां बटोर रहे हैं। अब तक ये दोनों अपने इस रिश्ते पर घुमा-फिराकर ही जवाब दे रहे थे। हालांकि, करण ने अब खुद इन खबरों पर विराम लगाते हुए इन्हें पूरी तरह झूठ बताया है। उन्होंने कहा कि उन दोनों के रिश्ते में को कड़वाहट नहीं आई है। वे दोनों अब भी साथ हैं, बस कुछ समय के लिए दूसरे से अलग रह रहे हैं।
करण ने हाल ही में टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में कहा, "पहली बात तो मैं और अनुषा साथ नहीं रहते। हम दोनों के अपने अलग-अलग घर हैं। जब हमारा शेड्यूल एक जैसा होता है हम तभी साथ रहते थे।" उन्होंने बताया कि वह हरियाणा में शूटिंग कर रहे थे और लॉकडाउन से पहले ही मुंबई लौटे हैं। वह किसी की जिंदगी खतरे में नहीं डालना चाहते, इसीलिए उन्होंने अपने घर में अकेले रहने का फैसला किया।
करण ने आगे कहा, "हम अलग रह रहे हैं, इसलिए लोगों ने हमारे ब्रेकअप के कयास लगाने शुरु कर दिए, लेकिन हम अब भी साथ है। ये खबरें शायद इस वजह से भी आने लगी क्योंकि मैंने कुछ समय से सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट नहीं किया। दरअसल, मैं कुछ दिन सोशल मीडिया से ब्रेक लेना चाहता था।" करण ने बताया कि उनके ब्रेकअप की अफवाहों की जानकारी भी उन्हें अनुषा ने ही दी थी।
करण का कहना है कि अक्सर सितारों को लेकर खबरें मीडिया में आई रहती हैं और इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। हालांकि, अनुषा इससे काफी परेशान हो जाती हैं। वह बहुत इमोशनल है। इसीलिए शायद अब करण ने अपने ब्रेकअप की इन अफवाहों पर मीडिया के सामने खुलासा करने का फैसला किया। बता दें कि करण और अनुषा पिछले पांच सालों से रिश्ते में हैं। ये दोनों रियलिटी शो 'लव स्कूल' को होस्ट कर चुके हैं।
इससे पहले अनुषा ने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा था, 'जहां एक ओर पूरी दुनिया कोरोना वायरस से परेशान है, उस समय आप किसी की निजी जिंदगी का मजाक उड़ा रहे हैं। आप किसी को लेकर भी खुद भी बोलते हो। आप मेरे दोस्त नहीं है। लेकिन क्या आप किसी के भी दोस्त हैं? या सिर्फ अपने ही बारे में सोचते हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं और करण अब भी साथ हैं हमारे बीच ऐसा सबकुछ ठीक है।'