LOADING...
मनोज बाजपेयी बोले- OTT ने बदली मेरे जैसे कइयों के करियर की दिशा और दशा
मनोज बाजपेयी ने कहा- OTT ने बदल दिया सबकुछ

मनोज बाजपेयी बोले- OTT ने बदली मेरे जैसे कइयों के करियर की दिशा और दशा

Nov 27, 2023
03:40 pm

क्या है खबर?

अभिनेता मनोज बाजपेयी ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई शानदार फिल्मों में काम किया है। राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'सत्या' के जरिए उन्होंने पहली बार फिल्मी दुनिया में सफलता का स्वाद चखा था। इसके बाद मनोज ने कई दफा अपनी उम्दा अदाकारी से दर्शकों को अपना मुरीद बनाया। OTT ने उनके करियर की रफ्तार तेज कर दी। खुद अभिनेता भी ऐसा मानते हैं। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।

बयान

OTT से क्या आया बदलाव?

हिन्दुस्तान टाइम्स से मनोज बोले, "OTT ऐसे समय पर आया, जब महामारी अपने चरम पर थी और लोग अपने घरों में कैद थे, इसलिए उन्हें इसे गहराई से जानने का मौका मिला।" उन्होंने कहा, "OTT से अचानक कलाकारों के लिए विकल्प बहुत अधिक हो गए और किस्मत से मेरे पास 'द फैमिली मैन' आई, जिसने OTT का समीकरण पूरी तरह से बदल दिया। इसने मेरे जैसे कई अभिनेताओं को सशक्त बनाया और यह हमारे करियर में नया मोड़ लेकर आया।"

जोखिम

मनोज पर दांव लगाने से नहीं कतरा रहे निर्माता-निर्देशक

मनोज की फिल्म 'जोरम' सिनेमाघरों के बाद OTT पर आएगी। निर्माताओं का अब अभिनेता पर भरोसा बढ़ गया है। उन्हें उम्मीद है कि फिल्म देखने के लिए दर्शक सिनेमाघरों का रुख भी जरूर करेंगे। इस पर मनोज बोले, "मुझे लगता है कि यह आत्मविश्वास OTT और जो काम यहां हमने पिछले 4 सालों में किया, उससे आया है। हमने OTT का बहुत अच्छे से उपयोग किया है। केवल मैं ही नहीं, कई निर्देशक और अभिनेताओं को इससे लाभ हुआ है।"

खुलासा

किस माध्यम के लिए फिल्में लेकर आएंगे मनोज?

अभिनेता बोले, "मेरी फिल्में OTT पर भी आएंगी और सिनेमाघरों में भी। सिनेमा के प्रति मेरा प्यार बरकरार रहेगा, फिर चाहे मेरी फिल्म OTT पर आए या सिनेमाघर में, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। बॉक्स ऑफिस ने मुझे कभी परेशान नहीं किया और न तो मुझे अब इससे कोई फर्क पड़ता है।" उन्होंने कहा, "मेरा ध्यान हमेशा कंटेंट पर रहा है। आंकड़े कभी यह तय नहीं करेंगे कि फिल्म कितनी अच्छी है। लिहाजा मेरा नजरिया वही रहेगा, जाे पहले था।"

उपलब्धि

मनोज की 'सिर्फ एक बंदा...' को मिले सबसे ज्यादा पुरस्कार

मनोज को पिछली बार ZEE5 पर आई फिल्म 'सिर्फ एक बंदा काफी है' में देखा गया था, जिसने इस साल के OTT पुरस्कारों में धूम मचा दी है। फिल्म ने बीती रात हुए फिल्मफेयर OTT पुरस्कारों में सबसे ज्यादा 5 पुरस्कार जीते और इसके चलते मनोज एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। बता दें कि यह पहली ऐसी फिल्म थी, जो OTT के बाद सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में मनोज का अभिनय काबिल-ए-तारीफ था।

जानकारी

इस फिल्म में भी नजर आएंगे मनोज

मनोज इन दिनों फिल्म 'डिस्पैच' को लेकर भी चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह क्राइम रिपोर्टर बने हैं। रॉनी स्क्रूवाला ने यह फिल्म बनाई है और कनु बहल ने इसका निर्देशन किया है। यह एक थ्रिलर फिल्म है, जो OTT पर रिलीज होगी।