Page Loader
'मालिक' से लेकर 'टोस्टर' तक, राजकुमार राव की इन फिल्मों का इंतजार कर रहे दर्शक
ये हैं राजकुमार राव की आगामी फिल्में (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@rajkummar_rao)

'मालिक' से लेकर 'टोस्टर' तक, राजकुमार राव की इन फिल्मों का इंतजार कर रहे दर्शक

May 28, 2025
07:07 am

क्या है खबर?

अभिनेता राजकुमार राव इन दिनों फिल्म 'भूल चूक माफ' को लेकर चर्चा में हैं। उनकी यह फिल्म 23 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और पहले दिन से ही यह बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इस फिल्म में राजकुमार के काम को काफी सराहा जा रहा है। राजकुमार की कई फिल्में कतार में हैं। ऐसे में आइए राजकुमार की आगामी फिल्मों पर एक नजर डालते हैं।

#1

'मालिक'

'भूल चूक माफ' के बाद राजकुमार फिल्म 'मालिक' में नजर आएंगे, जिसके निर्देशन की कमान पुलकित ने संभाली है। यह फिल्म 11 जुलाई, 2025 को सिनेमाघरों का रुख करेगी। यह एक गैंगस्टर ड्रामा फिल्म होगी, जिसमें राजकुमार एक खूंखार गैंगस्टर की भूमिका में दिखने वाले हैं। फिल्म में उनका अनदेखा अवतार देखने को मिलेगा। बता दें कि इस एक्शन थ्रिलर फिल्म का पहला पोस्टर पिछले साल राजकुमार के 40वें जन्मदिन पर रिलीज किया गया था।

#2

'टोस्टर'

राजकुमार के पास फिल्म 'टोस्टर' भी है, जिसका दर्शक बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में राजकुमार की जोड़ी अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा के साथ बनी है। फराह खान, अर्चना पूरन सिंह और अभिषेक बनर्जी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। खास बात यह है कि 'टोस्टर' का निर्माण राजकुमार की पत्नी और अभिनेत्री पत्रलेखा कर रही हैं। यह फिल्म OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दस्तक देगी। फिलहाल इसकी रिलीज तारीख सामने नहीं आई है।

#3

'स्त्री 3'

राजकुमार की हॉरर कॉमेडी फ्रैंचाइजी 'स्त्री' की तीसरी किस्त भी कतार में है, जिसके लिए दर्शकों को लंबा इंतजार करना पड़ेगा। यह फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। 'स्त्री 2' साल 2024 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है। इसका पहला भाग साल 2018 में आया था, जिसमें राजकुमार के साथ श्रद्धा कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई थी। अभिषेक बनर्जी, पंकज त्रिपाठी और अपारशक्ति खुराना जैसे सितारे भी फिल्म का हिस्सा हैं।

#4

सौरव गांगुली की बायोपिक

काफी समय से भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की जिंदगी को बड़े पर्दे पर लाने की चर्चा हो रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो गांगुली की बायोपिक के लिए राजकुमार को चुना गया है। फिल्म के निर्देशन की कमान विक्रमादित्य मोटवानी ने संभाली है। 'ट्रैप्ड' (2016) के बाद यह राजकुमार और मोटवानी के बीच दूसरा सहयोग होगा। फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू हो जाएगी। लव रंजन और अंकुर गर्ग मिलकर गांगुली की बायोपिक बना रहे हैं।