Page Loader
राजकुमार राव की पिछली 5 फिल्मों पर एक नजर, तीसरी वाली ने खूब छापे नोट
ये रहा राजकुमार राव की पिछली 5 फिल्मों का रिपोर्ट कार्ड (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@rajkummar_rao)

राजकुमार राव की पिछली 5 फिल्मों पर एक नजर, तीसरी वाली ने खूब छापे नोट

Jul 11, 2025
09:12 am

क्या है खबर?

काफी समय से राजकुमार राव फिल्म 'मालिक' को लेकर चर्चा में हैं। उनकी यह फिल्म 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म में राजकुमार गैंगस्टर की भूमिका में नजर आ रहे हैं। इस फिल्म को समीक्षकों की तरफ से हरी झंडी मिली, वहीं दर्शक भी फिल्म की कहानी और राजकुमार की अदाकारी को खूब पसंद कर रहे हैं। आइए राजकुमार की सिनेमाघरों में आईं पिछली 5 फिल्मों और बॉक्स ऑफिस पर उनके प्रदर्शन के बारे में जानें।

#1

'श्रीकांत' 

शुरुआत करते हैं राजकुमार की फिल्म 'श्रीकांत' से। इसमें उन्होंने दृष्टिहीन उद्योगपति श्रीकांत बोला की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर औसत कमाई की, लेकिन राजकुमार ने अपनी उम्दा अदाकारी से दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों का दिल जीत लिया था। 'श्रीकांत' में अलाया एफ, ज्योतिका और शरद केलकर ने भी अहम भूमिका निभाई थी। 35 करोड़ रुपये की लागत में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 47.94 करोड़ रुपये कमाए थे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।

#2

'मिस्टर एंड मिसेज माही' 

राजकुमार की फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' पिछले साल 31 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें उनकी जोड़ी पहली बार जाह्नवी कपूर के साथ बनी थी। शरण शर्मा ने इस फिल्म के निर्देशन की कमान संभाली थी। करण जौहर फिल्म के निर्माता थे। 'मिस्टर एंड मिसेज माही' ने दुनियाभर में 35.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि फिल्म का बजट 40 करोड़ रुपये था। राजकुमार की इस फिल्म को भी आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

#3

'स्त्री 2'

राजकुमार की 'स्त्री 2' साल 2024 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है। इसमें उनके साथ श्रद्धा कपूर, अभिषेक बनर्जी, पंकज त्रिपाठी और अपारशक्ति खुराना जैसे कलाकार नजर आए थे। अमर कौशिक ने फिल्म का निर्देशन किया था। यह फिल्म बीते साल 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और दुनियाभर में इसने 597.99 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था। 'स्त्री 2' OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।

#4

'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' 

राजकुमार की फिल्म 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' को काफी पसंद किया गया था, जिसका निर्देशन राज शांडिल्य ने किया था। इस फिल्म में राजकुमार की जोड़ी तृप्ति डिमरी के साथ बनी थी। विजय राज और मल्लिका शेरावत भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' ने दुनियाभर में 41.93 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। फिल्म को बनाने में 30 करोड़ रुपये लगे थे। इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

#5

'भूल चूक माफ'

पिछली बार राजकुमार फिल्म 'भूल चूक माफ' में नजर आए थे। इसमें उनकी जोड़ीदार वामिका गब्बी थीं। करण शर्मा ने इस फिल्म का निर्देशन किया था। सीमा पाहवा, संजय मिश्रा, रघुवीर यादव और जाकिर हुसैन ने भी इस फिल्म में अपनी अदाकारी का तड़का लगाया था। यह फिल्म 23 मई, 2025 को रिलीज हुई थी और इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 88.89 करोड़ रुपये जुटाए थे। अमेजन प्राइम वीडियो पर यह फिल्म देखी जा सकती है।