लक्ष्य दिखाएंगे बिल्कुल अलग अवतार, प्रोसित रॉय की मनोवैज्ञानिक थ्रिलर से मचाएंगे धमाल
क्या है खबर?
'किल' और 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' से मशहूर हुए लक्ष्य अपनी अगली परियोजना के लिए तैयार हैं। खबर है कि उन्होंने 'राख' के निर्देशक प्रोसित रॉय की एक अनूठी मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फिल्म के लिए हामी भरी है। ये रोमांटिक प्रेम-कहानी पर आधारित फिल्म होगी, जिसमें साइकोलॉजिकल थ्रिल का पूरा तड़का होगा। अपने पिछले किरदारों से विपरीत, लक्ष्य इसमें अलग अंदाज के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए बेहद उत्सुक हैं। फिल्म की शूटिंग इसी साल से शुरू हो जाएगी।
परियोजना
पहली बार साथ में आएंगे लक्ष्य और निर्देशक प्रोसित
पिंकविला के मुताबिक, परियोजना पर बात करते हुए एक सूत्र ने कहा, "लक्ष्य, प्रोसित रॉय के साथ एक मनोवैज्ञानिक मोड़ वाली प्रेम-कहानी पर काम करने को लेकर उत्साहित हैं। यह एक अनोखी फिल्म है और दोनों इस सफर पर साथ निकलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। प्रोसित ने हाल ही में लक्ष्य को फिल्म की कहानी सुनाई और अभिनेता को रोमांस का यह अनूठा अंदाज काफी पसंद आया।"
उन्होंने बताया कि अभिनेता अपरंपरागत शैली में हाथ आजमाना चाहते हैं।
रिलीज
अगले साल तक फिल्म को सिनेमाघरों में उतारने की योजना
सूत्र ने आगे कहा, "जहां 'किल' में लक्ष्य ने एक दमदार एक्शन फिल्म में अपनी प्रतिभा दिखाई, वहीं इस फिल्म में वे एक बिल्कुल अलग अवतार में नजर आएंगे। प्रेम कहानी के साथ जुड़े मनोवैज्ञानिक तत्व इसे एक विशिष्ट प्रोजेक्ट बनाते हैं।"
उन्होंने बताया कि बिना नाम वाली इस फिल्म की शूटिंग दिसंबर, 2026 में शुरू होने की संभावना है। इसे अगले साल रिलीज किया जाएगा।
इसके अलावा, निर्माताओं ने महिला मुख्य अभिनेत्री के लिए कास्टिंग शुरू कर दी है।