
म्यूजिक एल्बम 'हिमेश के दिल से' में इंडियन आइडल फेम सवाई भट्ट को लॉन्च करेंगे हिमेश
क्या है खबर?
हिमेश रेशमिया फिल्म जगत के लोकप्रिय म्यूजिक कंपोजर और गायक हैं। हिमेश के पहले स्टूडियो एल्बम 'आप का सुरूर' ने रिलीज होते ही धमाल मचा दिया था।
हिमेश की गायिकी के अलग स्टाइल ने प्रशंसकों को आकर्षित किया है। वह नई प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए जाने जाते हैं।
अब जानकारी सामने आ रही है कि इंडियन आइडल फेम गायक सवाई भट्ट उनके म्यूजिक एल्बम 'हिमेश के दिल से' में पहले गाने को अपनी आवाज देंगे।
जानकारी
हिमेश ने किया था सवाई को बड़ा ब्रेक देने का वादा
सवाई हाल में 'इंडियन आइडल 12' से बाहर हुए हैं। सवाई के शो से बाहर होने को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह चर्चाएं चली थीं।
कई लोगों का मानना था कि सवाई को पक्षपात के कारण शो से बाहर होना पड़ा था। दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा ने भी सोशल मीडिया पर सवाई का समर्थन किया था।
इस शो के दौरान ही हिमेश ने सवाई को एक बड़ा ब्रेक देने का वादा किया था।
बयान
'मूड्स विद मेलोडीज' के बाद लगा कि नया एल्बम आना चाहिए- हिमेश
अपने वादे को निभाते हुए हिमेश ने उन्हें अपने एल्बम 'हिमेश के दिल से' में मौका दिया है।
हिमेश ने कहा, "एलब्म 'सुरूर 2021' और 'मूड्स विद मेलोडीज' की सुपर सफलता के बाद मुझे लगा कि एक नया एल्बम आना चाहिए। 'हिमेश के दिल से' एक ऐसा एल्बम होगा जिसमें मैंने सवाई और उनके जैसे कई होनहार प्रतिभाओं को रखा है। एल्बम का फोकस गायक की आवाज पर है, जिससे संगीत प्रेमी प्यार में पड़ जाएंगे, मैं वादा करता हूं।"
सूचना
सवाई ने की गाने की रिकॉर्डिंग
हिमेश अपने इस तीसरे एलब्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। हालांकि, अभी इस एलब्म की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है। हिमेश ने सोशल मीडिया पर फैंस के साथ यह खुशखबरी शेयर की है।
हिमेश ने अपनी और सवाई की एक फोटो शेयर करते हुए इंस्टाग्राम हैंडल पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'हमारे नए एल्बम 'हिमेश के दिल से' में पहले गाने को सवाई गाएंगे। उन्होंने इसके लिए रिकॉर्डिंग भी कर ली है।'
नई प्रतिभा
नई प्रतिभाओं को मौके देने के लिए जाने जाते हैं हिमेश
रेलवे स्टेशन पर गाना गाकर और लोगों से भीख मांग कर गुजर बसर करने वाली रानू मंडल को भी हिमेश ने बड़ा ब्रेक दिया था। वह नई प्रतिभाओं को मौके देते रहते हैं।
'इंडियन आइडल 12' में पवनदीप राजन और अरुणिता कांजीलाल की सिंगिंग को खूब पसंद किया गया है।
हाल में हिमेश ने इन दोनों को अपने एलब्म 'मूड्स विद मेलोडीज' के दूसरे गाने 'तेरे बगैर' में लॉन्च किया था। गाने को पवनदीप और अरुणिता ने आवाज दी है।
कामकाज
कई सिंगिंग रियलिटी शो में बतौर जज नजर आए हिमेश
हिमेश के अन्य म्यूजिक प्रोजेक्ट की बात करें तो उन्होंने बॉलीवुड को कई हिट गाने दिए हैं। उन्हें 'आशिक बनाया आपने', 'अक्सर' और 'किक' जैसी फिल्मों में संगीत देने के लिए जाना जाता है।
'झलक दिखला जा', 'मुझे याद सताए तेरी' और 'हुक्का बार' उनके कुछ लोकप्रिय गाने हैं।
छोटे पर्दे पर भी हिमेश को कई सिंगिंग रियलिटी शो में देखा गया है। उन्हें 'सारेगामापा चेलेंज', 'म्यूजिक का महाक्षेत्र' और 'सुर क्षेत्र' में बतौर जज देखा गया है।