'गांधी-गोडसे: एक युद्ध' अभिनेता चिन्मय मंडलेकर बोले- 'पठान' को बिकिनी विवाद से फायदा मिला
क्या है खबर?
शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पठान' जहां भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है, वहीं दुनियाभर में फिल्म 1,000 करोड़ रुपये का जादूई आंकड़ा छूने कामयाब रही।
सिद्धार्थ आनंद की इस फिल्म की रिलीज के एक दिन बाद 'गांधी-गोडसे: एक युद्ध' ने सिनेमाघरों में दस्तक दी थी जो बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही।
अब फिल्म में गोडसे का किरदार निभाने वाले अभिनेता चिन्मय मंडलेकर ने दोनों फिल्मों के क्लैश पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
बयान
बिकिनी विवाद से मिला 'पठान' को फायदा
टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में चिन्मय ने कहा, "पठान ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है और यह जरूरी भी था। दीपिका पादुकोण के बिकिनी विवाद ने 'पठान' की मदद की है, क्योंकि आजकल विवाद पैदा होने से ज्यादा कोई प्रचार होता है। हालांकि, 'पठान' और 'गांधी गोडसे: एक युद्ध' की तुलना करना गलत है। ये दो अलग-अलग फिल्में हैं। मुझे लगता है कि यह सिर्फ एक संयोग था कि दोनों फिल्में आपस में टकराईं।"
बिकिनी विवाद
क्या था बिकिनी विवाद?
गौरतलब है 'पठान' का सुपरहिट गाना 'बेशरम रंग' रिलीज होते ही विवादों से घिर गया था। लोगों का आरोप था कि यह भगवा रंग हिंदू धर्म का रंग है। इस रंग की बिकिनी हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है।
फिल्म निर्माताओं पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा था।
गाने के एक दृश्य में दीपिका ने भगवा रंग की बिकिनी पहनी हुई है। लोगों ने इसको लेकर भी शाहरुख और दीपिका पर भद्दे कमेंट किए थे।