Page Loader
निर्देशक अनिल शर्मा बनाना चाहते हैं एक प्रेम कहानी, 'गदर 3' पर भी दिया अपडेट 
निर्देशक अनिल शर्मा बनाना चाहते हैं एक प्रेम कहानी

निर्देशक अनिल शर्मा बनाना चाहते हैं एक प्रेम कहानी, 'गदर 3' पर भी दिया अपडेट 

Jan 01, 2025
06:19 pm

क्या है खबर?

जाने-माने निर्देशक अनिल शर्मा इन दिनों फिल्म 'वनवास' को लेकर चर्चा में हैं। 20 दिसंबर, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म में नाना पाटेकर और उत्कर्ष शर्मा मुख्य भूमिका में नजर आए थे, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी। इससे पहले अनिल 'गदर' का सीक्वल लेकर आए थे। यह फिल्म 2023 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है। अब अनिल ने खुलासा किया कि वह एक प्रेम कहानी बनाना चाहते हैं।

इंटरव्यू

अनिल ने कही ये बात

OTT प्ले की एक रिपोर्ट के अनुसार, 'वनवास' की असफलता के बाद अनिल अगली बार एक प्रेम कहानी बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "मैंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म 'श्रद्धांजलि' से की थी। यह एक इमोशनल ड्रामा फिल्म थी। अब मैं एक प्रेम कहानी बनाना चाहता हूं और मैं यह जल्द करूंगा। मेरे पास एक आइडिया भी है, लेकिन इसके बारे में बात करेंगे।" इसके बाद उन्होंने 'गदर' की तीसरी किस्त पर बड़ा अपडेट दिया।

गदर 3

'गदर 3' में थोड़ा समय है- अनिल शर्मा

अनिल ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए 'गदर 3' पर बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने कहा, "आखिरकार 'गदर 3' बन रही है, लेकिन इसमें अभी थोड़ा समय है। दर्शकों को इंतजार करना होगा, लेकिन 'गदर 3' बन रही है।" बता दें कि 'गदर: एक प्रेम कथा' साल 2001 में रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों का खूब प्यार मिला। 2023 में इस फिल्म का सीक्वल आया था। अब दर्शकों को 'गदर' की तीसरी किस्त का इंतजार है।