Page Loader
फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2023: 'गंगूबाई काठियावाड़ी' की बड़ी जीत, यहां देखिए विजेताओं की पूरी सूची
'गंगूबाई काठियावाड़ी' से आलिया भट्ट (तस्वीर: टि्वटर/@filmfare)

फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2023: 'गंगूबाई काठियावाड़ी' की बड़ी जीत, यहां देखिए विजेताओं की पूरी सूची

Apr 28, 2023
09:17 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड की आखिरकार वो रात आ ही गई, जिसका इंतजार दर्शक सालभर करते हैं। 27 अप्रैल को 68वें फिल्मफेयर अवार्ड्स का धमाकेदार आगाज हुआ। रेड कार्पेट पर एक से बढ़कर एक सितारों की मौजूदगी ने चार चांद लगाए। इस बार पुरस्कार समारोह को सलमान खान ने होस्ट किया। आयुष्मान खुराना और मनीष पॉल को-होस्ट के रूप में सलमान से जुड़े। फिल्मफेयर में 'गंगूबाई काठियावाड़ी' ने बड़ी जीत हासिल की। आइए जानते हैं और कौन-कौन बना विजेता।

जलवा

'गंगूबाई काठियावाड़ी' की धूम

'गंगूबाई काठियावाड़ी' का समारोह में जलवा रहा। सबसे ज्यादा 10 पुरस्कार इसकी झोली में गए। फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब आलिया भट्ट को तो सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का खिताब संजय लीला भंसाली को मिला। 'गंगूबाई काठियावाड़ी' सर्वश्रेष्ठ फिल्म भी बनी। इसके अलावा बेस्ट कोरियोग्राफी, बेस्ट बैकग्राउंड स्कोर और बेस्ट सिनेमैटोग्राफी का अवॉर्ड भी इसी को मिला। बेस्ट कॉस्टूयम डिजाइन, बेस्ट प्रोडक्शन डिजाइन, बेस्ट डायलॉग और अपकमिंग म्यूजिक टैलेंट का आरडी बरमन स्पेशल अवॉर्ड भी इसी फिल्म ने जीता।

embed

यहां देखिए पोस्ट

Congratulations! The Filmfare Award for Best Director goes to #SanjayLeelaBhansali for #GangubaiKathiawadi at the 68th #HyundaiFilmfareAwards 2023 with #MaharashtraTourism. pic.twitter.com/cLxHKhUKTd— Filmfare (@filmfare) April 27, 2023

सर्वश्रेष्ठ अभिनेता

राजकुमार राव बने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता

राजकुमार राव को उनकी फिल्म 'बधाई दो' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर अवॉर्ड दिया गया। पुरस्कार के लिए राजकुमार को चुने जाने से उनके प्रशंसक भी बेहद खुश हैं। राजकुमार के अलावा सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की दावेदारी के लिए अजय देवगन (दृश्यम 2), अमिताभ बच्चन (ऊंचाई), अनुपम खेर (द कश्मीर फाइल्स), ऋतिक रोशन (विक्रम वेधा) और कार्तिक आर्यन (भूल भुलैया 2) के नाम भी शामिल थे। सभी को पीछे छोड़ते हुए राजकुमार ने पुरस्कार पर अपना कब्जा जमाया।

जानकारी

सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, अभिनेत्री और फिल्म (क्रिटिक्स)

सर्वश्रेष्ठ अभिनेता क्रिटिक्स का पुरस्कार संजय मिश्रा को फिल्म 'वध' के लिए मिला, वहीं सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री क्रिटिक्स का पुरस्कार 'भूल भुलैया 2' के लिए तब्बू और 'बधाई दो' के लिए भूमि पेडनेकर की झोली में गया। सर्वश्रेष्ठ फिल्म (क्रिटिक्स) का पुरस्कार 'बधाई दो' काे मिला।

संगीत की श्रेणी

'ब्रह्मास्त्र' ने भी मारी बाजी

अरिजीत सिंह ने 'ब्रह्मास्त्र' में अपने सुपरहिट गाने 'केसरिया' के लिए बेस्ट प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर पुरस्कार अपने नाम किया। बड़ी बात यह है कि ये उनका 7वां फिल्मफेयर पुरस्कार है। इसी फिल्म के लिए बेस्ट म्यूजिक एल्बम का अवॉर्ड प्रीतम ने अपने नाम किया। बेस्ट VFX का खिताब इसी फिल्म के लिए डीनेग, रीडिफाइन ने जीता और 'ब्रह्मास्त्र' के लिए ही बेस्ट साउंड डिजाइन का फिल्मफेयर पुरस्कार बिश्वजीत दीपक चटर्जी ने अपने नाम किया।

सर्वश्रेष्ठ सहायक कलाकार

अनिल कपूर और शीबा चड्ढा बने सर्वश्रेष्ठ सहायक कलाकार

सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार शीबा चड्ढा को 'बधाई दो' के लिए मिला। उनके साथ फिल्मफेयर पाने की दौड़ में इस साल नीतू कपूर (जुग जग जियो), मौनी रॉय (ब्रह्मास्त्र पहला भाग- शिवा), शेफाली शाह (डॉक्टर जी), सिमरन (रॉकेट्र: द नाम्बी अफेक्ट) शामिल थीं। दूसरी ओर अनिल कपूर ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार फिल्म 'जुग जुग जियो' के लिए जीता है। उन्होंने अनुपम खेर, दर्शन कुमार, गुलशन देवैया, जयदीप अहलावत, मनीष पॉल, मिथुन चक्रवर्ती को मात दी है।

बेस्ट डेब्यू

सर्वश्रेष्ठ डेब्यू अभिनेता-अभिनेत्रीऔर सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक का अवॉर्ड

इस साल एंड्रिया केविचुसा ने 'अनेक' के लिए सर्वश्रेष्ठ डेब्यू अभिनेत्री और अंकुश गेदम ने 'झुंड' के लिए सर्वश्रेष्ठ डेब्यू अभिनेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। एंड्रिया ने मानुषी छिल्लर, खुशाली कुमार और प्राजक्ता कोली को पछाड़ यह खिताब अपने नाम किया। दूसरी तरफ अंकुश ने अभय मिश्र, शांतनु महेश्वरी और पालिन कबाक जैसे अभिनेताओं को पीछे छोड़ यह पुरस्कार जीता है। सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक 'वध' के लिए जसपाल सिंह संधू और राजीव बर्नवाल बने।

अन्य पुरस्कार

दूसरी श्रेणियों में मिले पुरस्कार

'विक्रम वेधा' के लिए बेस्ट एक्शन का फिल्मफेयर पुरस्कार परवेज शेख ने तो 'एन एक्शन हीरो' के लिए बेस्ट एडिटिंग का पुरस्कार निनाद खानोलकर को मिला। 'जुग जुग जियो' के गाने 'रंगी सारी' के लिए कविता सेठ ने बेस्ट प्लेबैक सिंगर (फीमेल) का खिताब जीता। 'लाल सिंह चड्ढा' के गाने 'तेरे हवाले' के लिए अमिताभ भट्टाचार्य ने बेस्ट लिरिसिस्ट का पुरस्कार जीता तो बेस्ट स्टोरी और स्क्रीनप्ले का पुरस्कार 'बधाई दो' के लिए अक्षत घिल्डियाल और सुमन अधिकारी को मिला।