Page Loader
दुलकर सलमान का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक, अभिनेता ने शेयर की जानकारी
दुलकर सलमान का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक

दुलकर सलमान का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक, अभिनेता ने शेयर की जानकारी

Feb 19, 2022
08:33 pm

क्या है खबर?

जाने-माने अभिनेता दुलकर सलमान आए दिन किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में रहते हैं। एक तरफ वह अपनी आगामी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं तो अब वह एक नई वजह से सुर्खियों में आ गए हैं। दरअसल, दुलकर का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है। उन्होंने इसे लेकर सोशल मीडिया पर अपने फैंस को आगाह भी कर दिया है। आइए जानते हैं दुलकर ने अपने पोस्ट में क्या कुछ लिखा।

सूचना

दुलकर ने फैंस को सतर्क रहने के लिए कहा

दुलकर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'मेरा अकाउंट कल रात को हैक हो गया था। शुक्र है कि अब इसे रिकवर कर दिया गया है, लेकिन अगर आपको मेरी तरफ से कोई भी ऐसा मैसेज मिलता है, जिसमें आपको लॉग इन के लिए कोई लिंक दी गई हो तो कृृपया उसे अनदेखा करें और सावधान रहें।' दुलकर के अकाउंट से कुछ संदिग्ध गतिविधि हुई थी, जिसके बाद उन्हें अपना अकाउंट हैक होने का अहसास हुआ।

हैकिंग

इन हस्तियों के सोशल मीडिया अकाउंट भी हुए हैकिंग के शिकार

पिछले दिनों फिल्मकार ओनिर और अभिनेत्री नोरा फतेही का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया था और उन्होंने भी सोशल मीडिया पर यह जानकारी फैंस को दी थी। इससे पहले टिस्का चोपड़ा का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हुआ था। तब्बू की जानकारी के बिना उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से कोई लिंक वायरल हो गया था। ईशा देओल, अमीषा पटेल और विक्रांत मैसी का सोशल मीडिया अकाउंट भी हैक कर लिया गया था। गायिका आशा भोसले का अकाउंट भी हैक कर लिया गया था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

किसी कंप्यूटर, डिवाइस, इंफॉर्मेशन सिस्टम या नेटवर्क में अनाधिकृत रूप से घुसपैठ करना और डेटा से छेड़छाड़ करना हैकिंग कहलाती है। जरूरी नहीं कि ऐसी हैकिंग के दौरान उस सिस्टम को नुकसान पहुंचा ही हो। घुसपैठ करना भी साइबर क्राइम के तहत ही आता है।

चर्चा

फिल्म 'हे सिनामिका' को लेकर सुर्खियों में हैं दुलकर

दुलकर कुछ समय से फिल्म 'हे सिनामिका' को लेकर लोगों के बीच चर्चा में हैं। उनकी इस फिल्म का ट्रेलर जब से रिलीज हुआ है, इसे लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है। इस फिल्म में उनके साथ अदिति राव हैदरी और काजल अग्रवाल नजर आएंगी। फिल्म 3 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन वृंदा गोपाल कर रही हैं, जो एक मशहूर कोरियोग्राफर हैं। आजकल दुलकर अपनी इसी फिल्म के प्रमोशन में जुटे हैं।

फिल्में

इन फिल्मों में भी नजर आएंगे दुलकर

दुलकर मलयालम फिल्मों के बड़े अभिनेता हैं। वह बॉलीवुड फिल्म 'कारवां' व 'जोया फैक्टर' का भी हिस्सा रह चुके हैं और हिंदी पट्टी के ज्यादातर दर्शक उन्हें इन्हीं फिल्मों से जानते हैं। दुलकर जल्द ही निर्देशक आर बाल्की की फिल्म में सनी देओल के साथ नजर आएंगे। उन्हें मलयालम फिल्म 'सैल्यूट' में देखा जाएगा। इस फिल्म के प्रोडक्शन का काम भी दुलकर ही संभाल रहे हैं। वह इन दिनों 'युद्धम थो रसीना प्रेम कथा' की भी शूटिंग कर रहे हैं।