'धुरंधर 2' के बाद आदित्य धर के पिटारे में क्या? अब और बड़े कैनवास पर नजरें
क्या है खबर?
फिल्म 'धुरंधर 2' की रिकॉर्डतोड़ सफलता के बीच निर्देशक आदित्य धर अब अपने आने वाली नई फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। खबरों के अनुसार, आदित्य धर 'धुरंधर' के बाद ऐतिहासिक, पौराणिक और स्पोर्ट्स ड्रामा जैसी अलग-अलग शैलियों की फिल्मों पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। अपनी बेहतरीन कहानी कहने के अंदाज के लिए मशहूर आदित्य अब बड़े पैमाने पर अलग-अलग विषयों के साथ दर्शकों को नई सिनेमाई दुनिया दिखाने की तैयारी में हैं।
तैयारी
आदित्य ने अगले प्रोजेक्ट के लिए कसी कमर
'धुरंधर 2' की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्देशक आदित्य धर अपनी अगली फिल्म क्या बनाएंगे। हालांकि, निर्माता ने अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी नई फिल्म की घोषणा नहीं की है और ना ही निकट भविष्य में ऐसी कोई उम्मीद है, लेकिन चर्चा है कि वो अपनी चौथी फिल्म के लिए कई विचारों पर काम कर रहे हैं। 'उरी', 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' के बाद ये उनकी अगली बड़ी पेशकश होगी।
फिल्में
आदित्य के पिटारे में ये 3 बड़ी फिल्में
वैराइटी इंडिया के मुताबिक, आदित्य फिलहाल 3 बड़े प्रोजेक्ट्स 'द इमोर्टल अश्वत्थामा', एक ऐतिहासिक फिल्म और एक स्पोर्ट्स ड्रामा पर विचार कर रहे हैं। 'धुरंधर' की सफलता के बाद वो अपने पुराने ड्रीम प्रोजेक्ट 'अश्वत्थामा' को फिर शुरू कर सकते हैं, जो बजट की वजह से रुक गया था। आदित्य, चंद्रगुप्त मौर्य के शासनकाल पर आधारित एक ऐतिहासिक महाकाव्य बनाने के बड़े इच्छुक हैं। इस प्रोजेक्ट को लेकर वो पिछले साल से रणवीर सिंह के साथ चर्चा कर रहे हैं।
धमाका
आदित्य धर का 'ब्रेक' और बड़ा धमाका
सूत्रों के मुताबिक, आदित्य चंद्रगुप्त मौर्य पर आधारित फिल्म को लेकर उत्साहित हैं, जिसमें हाई ड्रामा, एक्शन और धोखे के साथ नया सिनेमाई अनुभव देने की गुंजाइश है। अगर 'अश्वत्थामा' पर बात नहीं बनती तो ये उनका अगला बड़ा प्रोजेक्ट हो सकता है। वो एक बड़े स्तर की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म पर भी विचार कर रहे हैं। हालांकि, 'धुरंधर 2' में 3 साल की मेहनत के बाद आदित्य फिलहाल ब्रेक लेंगे, लेकिन उनकी अगली फिल्म और भव्य व महत्वाकांक्षी होगी।
कमाई
900 करोड़ के पार 'धुरंधर 2', 1,000 करोड़ का जादुई आंकड़ा दूर नहीं
'धुरंधर 2' भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 900 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है और अब 1,000 करोड़ के जादुई लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है। ये उपलब्धि किसी भी हिंदी फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी सफलता है। ये बॉलीवुड के इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म में रणवीर के साथ-साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी ने भी अहम भूमिका निभाई है।