कृति सैनन व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए पहुंचीं कोर्ट तो जज ने की ये मांग
क्या है खबर?
अभिनेत्री कृति सैनन ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों के लिए कानूनी सुरक्षा की मांग करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया। शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने ऐसे मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कानूनी सिद्धांतों की व्यापक समीक्षा की जरूरत बताई। इसके साथ ही बेंच ने अभिनेत्री के वकील से व्यक्तित्व अधिकारों के दायरे से जुड़े पिछले अदालती फैसलों और रिसर्च कागजातों का विस्तृत संकलन पेश करने की मांग की है।
सुनवाई
अदालत ने रखी ये मांग
जज पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने कृति के वकील प्रवीण आनंद से कहा कि वह दस्तावेजों की ऐसी सामग्री पेश करें, जिसमें इस बात की जानकारी भी शामिल हो कि इन अधिकारों के तहत किस हद तक सुरक्षा मिलती है।
अदालत ने यह भी साफ करने को कहा है कि ऐसे मामलों को निपटाने में हाई कोर्ट के 'इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी डिवीजन' (IPD) के पास कितना अधिकार है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 29 अक्टूबर को होगी।
निर्देश
कागजात देखने के बाद ही देंगे फैसला- कोर्ट
अदालत ने पूछा, "क्या आप मुझे कुछ रिसर्च पेपर (शोध पत्र) दे सकते हैं? कृपया एक फाइल बनाकर जमा करें और मुझे बताएं कि व्यक्तिगत अधिकारों को लेकर आपकी क्या समझ है।"
अदालत ने कहा कि वो इन कागजात को देखने के बाद ही फैसला सुनाएगी। इस पर कृति के वकील आनंद ने कहा कि फाइल जल्द जमा कर दी जाएगी और कोर्ट के अधिकार क्षेत्र को लेकर कोई दिक्कत नहीं है।