Loading...
कृति सैनन ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए खटखटाया दिल्ली उच्च न्यायालय का दरवाजा
कृति सैनन व्यक्तित्व अधिकारों के लिए पहुंचीं उच्च न्यायालय (तस्वीर: एक्स)

कृति सैनन ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए खटखटाया दिल्ली उच्च न्यायालय का दरवाजा

लेखन सयाली
Oct 16, 2026
03:29 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सैनन ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों के लिए कानूनी सुरक्षा की मांग करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। 16 अक्टूबर को हुई सुनवाई के दौरान, अदालत ने आदेश पारित करने से पहले ऐसे अधिकारों के दायरे को बेहतर ढंग से समझने के लिए शोध पत्र और संबंधित फैसले मांगे। फिलहाल इस मामले को टाल दिया गया है। अदालत ने कहा कि वह पेश की गई सामग्री पर विचार करने के बाद विस्तृत आदेश पारित करेगी।

निवेदन

क्या हुई इस मामले में सुनवाई?

न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने कृति के वकील प्रवीण आनंद से ये बताने को कहा कि व्यक्तित्व अधिकार किन चीजों की सुरक्षा करते हैं। आनंद ने बताया कि इन अधिकारों में किसी व्यक्ति की पहचान के विभिन्न पहलू शामिल होते हैं, जिनमें उनकी छवि और आवाज भी आती है।

आनंद ने ये भी कहा कि व्यक्तित्व अधिकार के दायरे में किसी व्यक्ति के चेहरे का उसकी सहमति या अनुमति के बिना, पैसे कमाने के लिए व्यावसायिक इस्तेमाल भी आता है।

अदालत

अदालत ने रखी ये मांग

अदालत ने आनंद से कहा कि वह कानून के बारे में अपनी समझ के साथ-साथ, संबंधित फैसलों और अन्य सामग्रियों का एक संकलन पेश करके इस मुद्दे पर एक व्यापक और समग्र दृष्टिकोण अपनाने में अदालत की मदद करें।

इसके बाद ही अदालत आदेश पारित करेगी। अदालत ने ये भी कहा कि वह व्यक्तित्व अधिकारों से जुड़े अन्य लंबित मामलों में पहले जमा किए गए नोट्स भी पेश कर सकते हैं।

ADVERTISEMENT