Page Loader
क्या आप जानते हैं? शाहरुख नहीं, सलमान के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली थीं दीपिका
सलमान के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली थीं दीपिका

क्या आप जानते हैं? शाहरुख नहीं, सलमान के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली थीं दीपिका

Feb 22, 2022
09:30 pm

क्या है खबर?

दीपिका पादुकोण ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत शाहरुख खान के साथ की थी। फिल्म सुपरहिट हुई और दीपिका पहली ही फिल्म से दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाने में कामयाब रहीं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दीपिका को अपने करियर की पहली फिल्म का प्रस्ताव सलमान खान से मिला था। वह उन्हीं की फिल्म से बॉलीवुड में आगाज करने वाली थीं। उन्होंने हाल ही में यह खुलासा किया। आइए जानते हैं दीपिका ने क्या कहा।

खुलासा

सलमान की हमेशा आभारी रहेंगी दीपिका

बॉलीवुड हंगामा ने दीपिका से पूछा गया कि वह सलमान के साथ कब स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी तो उन्होंने जवाब दिया, "हमारे बीच हमेशा से ही एक खूबसूरत रिश्ता रहा है। मैं हमेशा एक बात के लिए उनकी आभारी रहूंगी कि फिल्म इंडस्ट्री में सलमान खान ऐसे पहले शख्स थे, जिन्होंने मुझे सबसे पहले फिल्म ऑफर की थी।" उन्होंने कहा, "मैं हमेशा उनकी शुक्रगुजार रहूंगी कि उन्होंने मौका दिया। उन्होंने मेरी वो प्रतिभा देखी, जिससे मैं खुद अनजान थी।"

कारण

दीपिका ने क्यों ठुकराई फिल्म?

दीपिका ने कहा, "ओम शांति ओम से पहले सलमान ने मुझे वो फिल्म ऑफर की थी, लेकिन समस्या यह थी कि उस वक्त मैं फिल्मों के लिए तैयार नहीं थी। मैंने अपना मॉडलिंग करियर शुरू ही किया था।" उन्होंने कहा, "मैं तब एक्ट्रेस नहीं बनना चाहती थी। हालांकि, इसके ठीक दो साल बाद मैंने शाहरुख खान के साथ ओम शांति ओम साइन कर ली थी।" दीपिका ने यह नहीं बताया कि सलमान ने उन्हें कौन सी फिल्म ऑफर की थी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

'ओम शांति ओम' 2007 में रिलीज हुई थी। दुनियाभर में 149 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर यह साल की सबसे अधिक कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बनी थी। इसके लिए दीपिका को बेस्ट फीेमेल डेब्यू एक्ट्रेस के लिए नॉमिनेट भी किया गया था।

इंतजार

सलमान के साथ काम करने को तैयार हैं दीपिका

दीपिका ने कहा, "मैं 15 साल बाद अब जाकर ऋतिक रोशन के साथ काम करने जा रही हूं। इससे पहले कभी हमें साथ काम करने का मौका नहीं मिला। मुझे लगता है कि मेरे और सलमान के साथ भी ऐसा ही होगा। जो भी होगा, अचानक होगा।" बता दें कि दीपिका को सलमान की 'प्रेम रतन धन पायो', 'सुल्तान', 'किक' और 'बजरंगी भाईजान' जैसी कई हिट फिल्मों का प्रस्ताव मिला, लेकिन हर बार उनकी जोड़ी बनती-बनती रह गई।

फिल्में

इन फिल्मों में दिखने वाली हैं दीपिका

दीपिका जल्द ही शाहरुख खान के साथ फिल्म 'पठान' में दिखेंगी। वह ऋतिक रोशन के साथ फिल्म 'फाइटर' में भी काम कर रही हैं। दीपिका हॉलीवुड फिल्म 'द इंटर्न' के हिंदी रीमेक में अमिताभ बच्चन के साथ काम कर रही हैं। वह काफी समय से साउथ के मशहूर निर्देशक नाग अश्विन की अगली फिल्म को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में उनके साथ प्रभास और अमिताभ नजर आएंगे। फिलहाल इस फिल्म का नाम 'प्रोजेक्ट K' रखा गया है।