Page Loader
शाहरुख खान के बाद अब अल्लू अर्जुन के साथ धमाल मचाएंगे एटली, जल्द होगा आधिकारिक ऐलान
अब अल्लू अर्जुन के साथ धमाल मचाएंगे एटली

शाहरुख खान के बाद अब अल्लू अर्जुन के साथ धमाल मचाएंगे एटली, जल्द होगा आधिकारिक ऐलान

Mar 14, 2024
03:43 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' 2023 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है। इस फिल्म का निर्देशन एटली ने किया था। 'जवान' की सफलता के बाद एटली के साथ अब हर बड़ा सितारा काम करना चाहता है। इंडस्ट्री में उनकी मांग काफी बढ़ गई है। एटली ने अपनी आगामी फिल्म के लिए अल्लू अर्जुन को चुना है। ताजा खबर यह है कि 8 अप्रैल, 2024 को अल्लू के जन्मदिन के दिन फिल्म का ऐलान किया जाएगा।

रिपोर्ट

एटली और अल्लू के बीच पहला सहयोग

एटली और अल्लू पिछले कुछ समय से फिल्म के सिलसिले में बातचीत कर रहे थे और चीजें अब सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं। एटली 2024 की आखिरी तिमाही में फिल्म शुरू करना चाहते हैं और उनकी तारीखें भी अल्लू के साथ मेल खाती हैं। दोनों एक जबरदस्त कमर्शियल एंटरटेनर फिल्म लेकर आने वाले हैं, जिसकी घोषणा 8 अप्रैल को होगी। यह अल्लू और एटली के बीच पहला सहयोग है, जिसे लेकर दोनों काफी उत्साहित हैं।

अल्लू

'पुष्पा 2' में नजर आएंगे अल्लू

अल्लू पिछले लंबे वक्त से अपनी आगामी फिल्म 'पुष्पा: द रूल' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। यह फिल्म साल 2021 में आई फिल्म 'पुष्पा: द राइज' की दूसरी किस्त है। 'पुष्पा 2' 15 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। इस फिल्म में अल्लू की जोड़ी एक बार फिर रश्मिका मंदाना के साथ बनी है। अफवाहों का बाजार गर्म है कि जाह्नवी कपूर और संजय दत्त भी 'पुष्पा 2' में नजर आ सकते हैं।