इमरान खान पर भड़के अशोक पंडित- पहले पढ़ें, बड़ों से कानून समझें; फिर सड़क पर उतरें
क्या है खबर?
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने अमेरिकी नागरिक होने के बावजूद भारत में राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने पर अभिनेता इमरान खान की आलोचना की है। इमरान को मिले 'भारत छोड़ो' नोटिस का पूर्ण समर्थन करते हुए अशोक ने कहा कि गैर-नागरिकों को देश में अशांति फैलाने वाले प्रदर्शनों में भाग लेने से पहले भारतीय कानूनों को ठीक से समझ लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विदेशी नागरिकों को देश के आंतरिक राजनीतिक मुद्दों में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं।
नाराजगी
"विदेशी होकर राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होना गलत"
अशोक पंडित ने मुंबई पुलिस द्वारा अभिनेता इमरान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस थमाए जाने पर खुशी जाहिर की है।
मुंबई में राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने पर अभिनेता की आलोचना करते हुए अशोक ने उनकी भूमिका पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी नागरिक होने के बावजूद इमरान का देश के राजनीतिक प्रदर्शनों में शामिल होना पूरी तरह से गलत है। कानून के मुताबिक किसी विदेशी को देश में अशांति फैलाने का अधिकार नहीं है।
गुस्सा
"नागरिकता ही नहीं तो भारत को बदनाम क्यों कर रहे?"
ANI से निर्माता बोले, "मैं इस फैसले से बहुत खुश हूं। जब आपको विरोध करने का अधिकार ही नहीं और आप इस देश के नागरिक भी नहीं हैं, फिर भी आप हमारे देश को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ते।"
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे प्रदर्शन देश में अशांति पैदा कर सकते हैं। फिल्ममेकर ने गैर-भारतीय नागरिकों को सलाह दी कि प्रदर्शनों में हिस्सा लेने से पहले वो अपने अधिकारों से जुड़े भारतीय नियमों-कानूनों को ठीक से समझ लें।
नसीहत
"पहले पढ़ाई करें, बड़ों से कानून समझें फिर प्रदर्शन करें"
अशोक पंडित ने कहा, "पहले खुद को शिक्षित करें, पढ़ाई करें और अपने परिवार के बड़ों से समझें कि क्या आपको सड़कों पर उतरकर इस देश के खिलाफ जंग छेड़ने की अनुमति है?"
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे प्रदर्शनों के जरिए देश में अशांति फैलाने की कोशिश की जा रही है। अशोक ने तंज कसते हुए कहा कि गैर-नागरिकों को भारत के खिलाफ माहौल बनाने से पहले अपने बड़ों से देश के कानूनों और सीमाओं की जानकारी ले लेनी चाहिए।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
Mumbai, Maharashtra: On actor Imran Khan asked to leave India, Filmmaker Ashoke Pandit says, "... That is why he was asked to leave. The decision that was taken was taken after thorough thought and consideration. And in fact, I'm sure that he must not be knowing the full form of… pic.twitter.com/S4XAVawDAm
— IANS (@ians_india) October 15, 2026
विरोध प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पड़ा भारी
मुंबई FRRO ने इमरान को विदेशी अधिनियम के उल्लंघन में 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का 'भारत छोड़ो' नोटिस दिया है।
पालन न करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ये कार्रवाई 10 अक्टूबर को अगस्त क्रांति मैदान में हुए प्रदर्शन में शामिल होने पर हुई। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में गड़बड़ी के विरोध में था। विदेशी नागरिक होकर राजनीतिक विरोध में भाग लेने पर ये कदम उठाया गया है।