Page Loader
आदित्य नारायण ने 15 साल बाद कहा 'सा रे गा मा पा' को अलविदा
आदित्य नारायण ने 'सा रे गा मा पा' छोड़ा

आदित्य नारायण ने 15 साल बाद कहा 'सा रे गा मा पा' को अलविदा

Mar 08, 2022
03:14 pm

क्या है खबर?

सिंगर आदित्य नारायण ने शो 'सा रे गा मा पा' को बाय-बाय कह दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है, जिसके बाद उन्हें इस शो में देखने वाले दर्शक निराश हो गए हैं। फैंस उनके इस ऐलान से दुखी हैं, क्योंकि आदित्य बीते 15 सालों से यह शो होस्ट कर रहे थे। वह कई बार इस शो से जुड़ीं अपनी खूबसूरत यादें साझा कर चुके हैं। आइए जानते हैं आदित्य ने अपने पोस्ट में क्या कुछ लिखा।

पोस्ट

शो छोड़कर भावुक हुए आदित्य

आदित्य ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'भारी मन से मैं 'सा रे गा मा पा' से विदा ले रहा हूं। इस शो ने मुझे मेरी खुद की पहचान दी है। इसने एक 18 साल के लड़के को एक समझदार आदमी बना दिया, जिसकी एक पत्नी और एक बेटी है।' उन्होंने आगे लिखा, '15 साल, नौ सीजन और 350 एपिसोड...। यकीन नहीं होता कि हमने इतने साल साथ काम किया। समय हवा की तरह कब बीत गया, पता ही नहीं चला।'

प्रतिक्रिया

विशाल ददलानी ने लिखा, जा आदि.. जी ले अपनी जिंदगी

आदित्य के इस पोस्ट पर सितारों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। शो के जज रहे विशाल ददलानी लिखते हैं, 'मैं क्या बोलूं, तुम्हारा पहला 'सा रे गा मा पा' मेरा पहला 'सा रे गा मा पा' और जो कुछ भी हमने इससे पाया। उम्मीद है कि तुम अपना मन बदलोगे और तुम्हारा बनाया गया संगीत इतना सफल है कि टीवी करने का समय नहीं है। उन्होंने लिखा, 'कोई नहीं, मैं रह लूंगा। जा, आदि....जी ले अपनी जिंदगी। लव यू।'

घोषणा

बीते साल किया था आदित्य ने टीवी इंडस्ट्री छोड़ने का ऐलान

बीते साल ही आदित्य ने खुलासा किया था कि वह जल्द ही टीवी जगत को हमेशा के लिए अलविदा कह देंगे। उन्होंने कहा था, "टीवी होस्ट के तौर पर 2022 मेरा आखिरी साल होगा। इस साल मैं बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करने वाला हूं।" उन्होंने कहा, "अब कुछ बड़ा करने का समय आ चुका है। आने वाले कुछ महीनों में मेरे सारे कमिटमेंट पूरे हो जाएंगे। सारा काम खत्म होने के बाद मैं एक नई शुरुआत करने वाला हूं।"

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

'सा रे गा मा पा' की शुरुआत Zee TV पर 1995 में हुई थी। इसके पहले एपिसोड को सोनू निगम ने होस्ट किया था। यह टेलीविजन का सबसे लंबा रियलिटी शो है। इसके 30वें सीजन का खिताब 19 वर्षीय नीलांजना रे ने जीता है।

खुशखबरी

24 फरवरी को पिता बने हैं आदित्य

आदित्य के घर 24 फरवरी को एक बेटी का जन्म हुआ था। हालांकि, आदित्य ने पिछले दिनों अपनी शादी की तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर कर अपने घर में आई इस खुशी की जानकारी दी। उन्होंने बताया, "प्रेग्नेंसी के दौरान श्वेता को देखने के बाद सभी कहते थे कि उसका बेटा होगा, लेकिन मैं हमेशा से चाहता था कि मेरी पहली संतान बेटी हो और इसके लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना भी करता था। मेरी यह ख्वाहिश पूरी हो गई है।"