अभिनय देव की फिल्म 'दूसरा' सेंसर बोर्ड से पास, सीन बचाने के लिए चुना 'A' सर्टिफिकेट
क्या है खबर?
फिल्म 'देली बेली' वाले निर्देशक अभिनय देव की फिल्म 'दूसरा' का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ, जो काफी सुर्खियों में है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, इस तरह के विषयों वाली फिल्मों को आमतौर पर 'U' या 'UA' सर्टिफिकेट मिलता है। हालांकि, 'दूसरा' को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने 'A' सर्टिफिकेट दिया है। दिलचस्प बात ये है कि निर्देशक अभिनय ने फिल्म के कुछ सीन हटवाने के बजाय 'एडल्ट' सर्टिफिकेशन लेना बेहतर समझा।
अभिनय
अपने फैसले पर क्या बोले अभिनय?
फैसले के बारे में बात करते हुए अभिनय बोले, "कुछ सीन की वजह से ये 'एडल्ट-रेटेड' फिल्म है। मैंने इसे U/A रेटिंग देने का सुझाव दिया था। वे मान गए, लेकिन उन्होंने 3 सीन हटाने को कहा। मैंने उनसे कहा कि अगर फिल्म को बिना कोई दृश्य हटाए A-रेटिंग मिल सकती है तो मुझे कोई दिक्कत नहीं। इस पर उन्होंने कहा कि अगर आपको एडल्ट-रेटिंग से परेशानी नहीं है तो हम एक भी शॉट नहीं काटेंगे और मैं मान गया।"
सीन
इस सीन ने दिलाया 'A' सर्टिफिकेट
'दूसरा' को 'A' सर्टिफिकेट दिलाने वाले सीन में से एक वह है, जिसमें मुख्य किरदार तारा के पिता उसे बचपन में एक एडल्ट मैगजीन के साथ पकड़ लेते हैं।
सीन में मैगजीन से लिया गया एक शॉट है, जिसमें 2 सेकंड के लिए नग्नता दिखाई देती है। इस सीन को भी सेंसर बोर्ड ने हरी झंडी दे दी।
अभिनय ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया, क्योंकि उनके हिसाब से आजकल 'A' सर्टिफिकेट वाली फिल्मों में भी कट लगाने पड़ते हैं।
जानकारी
किस सीन को बदलने की मिली थी सलाह?
फिल्म के एक हिस्से में बाबरी मस्जिद की घटना का जिक्र था, जिसे सेंट्रल बोर्ड ने कम करने की सलाह दी थी। हालांकि, अभिनय ने फिल्म में कोई भी बदलाव करने से साफ इंकार कर दिया। ये फिल्म 23 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है।