
विक्रांत मैसी की पिछली 5 फिल्मों का कैसा रहा बॉक्स ऑफिस पर हाल?
क्या है खबर?
विक्रांत मैसी काफी समय से फिल्म 'आंखों की गुस्ताखियां ' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद उनकी यह फिल्म 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म में विक्रांत की जोड़ी शनाया कपूर के साथ बनी है। दोनों की केमिस्ट्री लोगों को खूब पसंद आ रही है। फिल्म को समीक्षकों के साथ-साथ दर्शकों की तरफ से बढ़िया प्रतिक्रिया मिली। आइए जानें विक्रांत की पिछली 5 फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन किया।
#1
'लिपस्टिक अंडर माई बुर्का'
शुरुआत करते हैं फिल्म 'लिपस्टिक अंडर माई बुर्का' से, जो 21 जुलाई, 2017 को दर्शकों के बीच आई थी। अलंकृता श्रीवास्तव के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विक्रांत के अलावा रत्ना पाठक, कोंकणा सेन शर्मा और अहाना कुमरा जैसे कलाकार भी नजर आए थे। 6 करोड़ रुपये की लागत में बनी फिल्म 'लिपस्टिक अंडर माई बुर्का' ने दुनियाभर में 26.68 करोड़ रुपये कमाए थे। यह फिल्म OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।
#2
'छपाक'
इस सूची में दूसरा नाम फिल्म 'छपाक' का है, जो 10 जनवरी, 2020 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस उनकी जोड़ी दीपिका पादुकोण के साथ बनी थी। इस फिल्म की कहानी एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल के जीवन पर आधारित थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे दर्शक नसीब नहीं हुए। 35 करोड़ रुपये की लागत में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 55.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। यह फिल्म जियो हॉटस्टार पर देखी जा सकती है।
#3
'रामप्रसाद की तेरहवीं'
विक्रांत की फिल्म 'रामप्रसाद की तेरहवीं' 1 जनवरी, 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को लेकर लोगों के बीच खासा उत्साह था, लेकिन यह पर्दे पर आई तो सारा शोर बंद हो गया। फिल्म की न सिर्फ समीक्षकों ने धज्जियां उड़ाईं, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी यह ढेर हो गई। यह फिल्म 2 करोड़ रुपये भी नहीं कमा सकी। 'रामप्रसाद की तेरहवीं' ने दुनियाभर में केवल 1.87 करोड़ रुपये जुटाए थे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।
#4
'12वीं फेल'
फिल्म '12वीं फेल' 2023 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है। IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा की जिंदगी पर बनी इस फिल्म में विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में नजर आए हैं। इस फिल्म ने दर्शकों का दिल जीतने के साथ बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया। 20 करोड़ रुपये की लागत में बनी '12वीं फेल' ने दुनियाभर में 70.05 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था। यह फिल्म जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है।
#5
'द साबरमती रिपोर्ट'
विक्रांत को पिछली बार फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' में देखा गया था, जिसमें उनके काम को काफी सराहा गया। हालांकि, बॉक्स ऑफिस यह कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी। इस फिल्म में राशि खन्ना और रिद्धि डोगरा जैसी अभिनेत्रियां भी नजर आई थीं। यह फिल्म दुनियाभर में 40.73 करोड़ रुपये जुटाने सफल रही, जबकि इसका बजट 50 करोड़ रुपये था। 'द साबरमती रिपोर्ट' को आप OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 पर देख सकते हैं।