Page Loader
कृति सैनन की पहली फिल्म हुई थी फ्लॉप, अब जीता राष्ट्रीय पुरस्कार; ऐसा रहा सफर
कृति सैनन के करियर पर एक नजर

कृति सैनन की पहली फिल्म हुई थी फ्लॉप, अब जीता राष्ट्रीय पुरस्कार; ऐसा रहा सफर

Oct 19, 2023
08:13 am

क्या है खबर?

अभिनेत्री कृति सैनन इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तैर रही हैं। उनकी फिल्म 'गणपत' भी 20 अक्टूबर को रिलीज होनी है, जिसमें वह एक्शन करती नजर आएंगी। एक वक्त था, जब कृति को महज उनके ग्लैमर के लिए पहचाना जाता था। उन्होंने शोहरत का अच्छा सफर तय किया है। आइए, नजर डालते हैं उनके करियर पर।

डेब्यू

टाइगर श्रॉफ के साथ किया डेब्यू

कृति ने 2014 में फिल्म 'हीरोपंती' से बॉलीवुड में कदम रखा था। यह टाइगर श्रॉफ की भी डेब्यू फिल्म थी। टाइगर के डेब्यू के कारण यह फिल्म चर्चा में रही थी। खासकर, उनके लुक को लेकर वह खूब सुर्खियों में रहे। यह फिल्म चर्चित जरूर रही, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थी। ना ही इस फिल्म को समीक्षकों ने सराहा था। हालांकि, कृति ने इस फिल्म से पहली सीढ़ी जरूर चढ़ ली थी।

दिलवाले

'दिलवाले' में सितारों के बीच गुम हुईं कृति

2015 में कृति रोहित शेट्टी की फिल्म 'दिलवाले' में नजर आईं। इस फिल्म में उनकी जोड़ी वरुण धवन के साथ बनी थी। इस फिल्म में भी उनके लुक और ग्लैमर की ही चर्चा हुई और फिल्म में वह समीक्षकों और दर्शकों को प्रभावित करने में सफल नहीं हुईं। रोहित शेट्टी के बड़े बजट की इस फिल्म में शाहरुख शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी नजर आई थी। इस वजह से कृति की यह फिल्म भी चर्चा में रही।

राब्ता

'राब्ता' ने भी किया निराश

2017 में कृति, सुशांत सिंह राजपूत के साथ 'राब्ता' में नजर आई थीं। इस फिल्म के रोमांटिक गाने खूब पसंद किए गए थे। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली थी, ना ही समीक्षकों ने इस फिल्म को पसंद किया था। कृति भले अब तक किसी फिल्म में अपनी अदाकारी से प्रभावित नहीं कर सकी थीं, लेकिन लगातार फिल्में करने के कारण वह दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना चुकी थीं।

बरेली की बर्फी

'बरेली की बर्फी' से चखा सफलता का स्वाद

लक्ष्मण उतेकर की फिल्म 'बरेली की बर्फी' कृति के करियर में अहम साबित हुई। पहली बार उन्हें अपने अभिनय को भुनाने का मौका मिला। इस फिल्म में उनके साथ पंकज त्रिपाठी, आयुष्मान खुराना और राजकुमार राव थे। दिग्गज कलाकारों के बीच कृति का अभिनय भी उभरकर आया। फिल्म में बिट्टी शर्मा का उनका किरदार उनके द्वारा निभाए गए अब तक के किरदारों से अलग था। फिल्म में उनकी काफी सराहना हुई।

मिमी

'मिमी' ने लौटाई करियर की खोई चमक

'स्त्री' और 'कलंक' में आइटम सॉन्ग करने के बाद वह दोबारा ग्लैमर के खांचे में दब गईं। वह 'अर्जुन पटियाला', 'पानीपत', 'हाउसफुल 4' जैसी फिल्मों में नजर आईं, लेकिन इन फिल्मों में भी उनके अभिनय को दर्शक खारिज ही करते रहे। 2021 में उनकी फिल्म 'मिमी' ने एक बार फिर उनके करियर को चमकाने का काम किया। फिल्म अपने विषय के कारण खूब पसंद की गई। साथ ही फिल्म में कृति का जोरदार अभिनय देखने को मिला।

लोकप्रियता

'भेड़िया' और 'आदिपुरुष' से मिली नई लोकप्रियता

बीते दिनों कृति अपनी फिल्म 'भेड़िया' और 'आदिपुरुष' के लिए चर्चा में रहीं। दोनों फिल्मों में वह दो अलग अंदाज में नजर आईं। जहां 'भेड़िया' एक हॉरर कॉमेडी फिल्म थी, वहीं 'आदिपुरुष' लोगों की भावनाओं से जुड़ी धार्मिक फिल्म थी। 'आदिपुरुष' में कृति ने सीता का किरदार निभाया था। भले इस भूमिका के लिए उनकी खूब आलोचना हुई, लेकिन पहली बार पौराणिक किरदार निभाने के लिए उन्होंने अच्छी तैयारी की थी।

गणपत

'गणपत' से पूरा हो रहा करियर का चक्र

17 अक्टूबर को कृति अपनी फिल्म 'मिमी' के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित की गई हैं। उनकी अगली फिल्म 'गणपत' भी इसी हफ्ते रिलीज होगी। फिल्म में कृति एक्शन करती नजर आएंगी। इससे पहले उन्हें कभी इस अवतार में नहीं देखा गया है। खास बात यह है कि इस फिल्म में फिर से डेब्यू जोड़ी कृति और टाइगर नजर आएंगे। कह सकते हैं कि राष्ट्रीय पुरस्कार से होते हुए उनके करियर ने एक चक्र पूर्ण कर लिया है।

पोल

आपको कृति की इनमें से कौन सी फिल्म ज्यादा पसंद आई?