विक्रांत मैसी के करियर की वो 5 फिल्में, जिन्होंने उन्हें एक्टर से स्टार बना दिया
क्या है खबर?
विक्रांत मैसी ने जब से अभिनय से संन्यास का ऐलान किया है, वह चर्चा में हैं। प्रशंसक उनके इस फैसले से हैरान-परेशान हैं कि आखिर क्यों उनके चहिते अभिनेता ने अचानक एक्टिंग से दूरी बनाने का मन बना लिया।
विक्रांत ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत टीवी से की थी। वहां छा जाने के बाद उन्होंने बड़े पर्दे और OTT पर भी कमाल कर दिया।
आइए इसी बीच उनकी बेहतरीन अदाकारी से सजी 5 फिल्मों के बारे में जानें।
#1
'12वीं फेल'
विक्रांत की सबसे शानदार फिल्मों में पहला नाम '12वीं फेल' का है। यूं तो इससे पहले भी उनकी कई फिल्में आईं, लेकिन '12वीं फेल' उनके फिल्मी करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई।
8.8 IMDb रेटिंग वाली इस फिल्म में IPS मनोज कुमार का किरदार विक्रांत ने इतनी शिद्दत से निभाया कि कई पुरस्कार अपने नाम कर लिए।
एक्टिंग किसे बोलते हैं, अगर आप यह देखना चाहते हैं तो एक बार डिज्नी+हॉटस्टार पर '12वीं फेल' जरूर देख लें।
#2
'सेक्टर 36'
विक्रांत ने फिल्म 'सेक्टर 36' में अपने खौफनाक अवतार और अंदाज से दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए थे।
इसकी कहानी एक अमीर मोहल्ले, सेक्टर 36, के एक बड़े घर में काम करने वाले कर्मचारी प्रेम सिंह (विक्रांत) के इर्द-गिर्द घूमती है। बाहरी रूप से एक सामान्य और विनम्र नौकर की तरह दिखने वाला प्रेम, वास्तव में एक खौफनाक सीरियल किलर है।
विक्रांत की बेजोड़ अदाकारी वाली यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर है।
इसे IMDb पर 7.1 रेटिंग दी गई है।
#3
'ए डेथ इन द गंज'
विक्रांत के करियर की बेहतरीन फिल्मों 'ए डेथ इन द गंज' भी शामिल है, जिसे IMDb पर 7.4 रेटिंग मिली है। ओम पुरी, कल्कि कोचलिन, गुलशन देवैया और रणवीर शौरी भी इस फिल्म का हिस्सा थे।
इस फिल्म का निर्देशन कोंकणा सेन शर्मा ने किया था, जिसमें विक्रांत ने अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया था। शुट्टू के किरदार में वह इस फिल्म में अलग ही चमके थे।
अमेजन प्राइम वीडियो पर यह फिल्म मौजूद है।
#4 और #5
'हसीना दिलरूबा' और 'फोरेंसिक'
विक्रांत की उम्दा अदाकारी से सजी फिल्मों में नेटफ्लिक्स पर मौजूद 'हसीन दिलरूबा' भी शामिल है, जिसमें उन्हें अभिनेत्री तापसी पन्नू के साथ देखा गया। फिल्म को IMDb पर 6.9 रेटिंग मिली है। एक सीधे-सादे इंसान से पागलपन की हद तक प्यार करने वाले आशिक के किरदार को विक्रांत ने शानदार तरीके से घुमाया है।
उधर 'फोरेंसिक' भी विक्रांत के सधे हुए अभिनय का प्रमाण है। इसमें उनके साथ राधिका आप्टे थीं।
6.8 रेटिंग वाली यह फिल्म ZEE5 पर है।