ये हैं सबसे युवा IAS अधिकारी, बेहद कम उम्र में पास कर चुके हैं UPSC परीक्षा
क्या है खबर?
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा पास करना कोई आसान काम नहीं है।
अधिकांश युवा 12वीं के बाद से परीक्षा की तैयारी शुरू कर देते हैं, लेकिन बहुत कम उम्मीदवार ही 21 से 22 साल की उम्र में परीक्षा पास कर पाते हैं।
कम उम्र में IAS, IPS अधिकारी बनने का अपना अलग आकर्षण और सुविधाएं हैं।
आइए सबसे कम उम्र में UPSC पास करने वाले अधिकारियों के बारे में जानते हैं।
#1
अंसार शेख
अंसार शेख भारत के सबसे कम उम्र के IAS अधिकारी हैं। उन्होंने महज 21 साल की उम्र में UPSC परीक्षा पास कर 361वीं रैंक हासिल की थी।
महाराष्ट्र के जालना के रहने वाले अंसार को पश्चिम बंगाल कैडर आवंटित किया गया है।
अंसार के पिता ऑटो चालक और मां गृहणी हैं। उन्होंने बचपन में काफी आर्थिक समस्याओं का सामना किया।
अंसार ने राजनीति विज्ञान वैकल्पिक विषय चुना था। इसी तरह मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार मराठी भाषा में दिया था।
#2
रोमन सैनी
रोमन सैनी ने 22 साल की उम्र में UPSC परीक्षा पास कर 18वीं रैंक हासिल की थी।
रोमन मध्य प्रदेश में कलक्टर के तौर पर नियुक्त हुए थे, लेकिन बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
इससे पहले उन्होंने मात्र 26 साल की उम्र में चुनौतीपूर्ण AIIMS परीक्षा भी पास की थी।
वर्तमान में रोमन अनएकेडमी कंपनी के मालिक हैं। ये एक ऑनलाइन शिक्षा प्लेटफॉर्म है, जिसकी मदद से लाखों छात्र परीक्षा की तैयारी करते हैं।
#3
गौरव गोयल
सबसे कम उम्र में UPSC परीक्षा पास करने वाले अधिकारियों में गौरव गोयल का नाम भी शामिल हैं।
गौरव ने अपनी स्कूली शिक्षा सीकर से पूरी की और दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज से Bcom की पढ़ाई की।
इसके बाद वे तैयारी में जुट गए और साल 2006 में परीक्षा पास कर 10वीं रैंक हासिल की।
उस समय गौरव की उम्र महज 22 साल थी। वे वर्तमान में राजस्थान कैडर में तैनात हैं।
#4
टीना डाबी
टीना डाबी ने मात्र 22 साल की उम्र में UPSC परीक्षा में सफलता हासिल की थी।
2015 की परीक्षा में वे पूरे देश में पहले स्थान पर आई थी। उन्हें राजस्थान कैडर आवंटित किया गया है।
टीना ने वैकल्पिक विषय के रूप में राजनीति विज्ञान को चुना था। उन्होंने दिल्ली के लेडी श्री राम कॉलेज से पढ़ाई पूरी की थी।
टीना के माता-पिता ने UPSC IES परीक्षा पास की थी और छोटी बहन रिया भी IAS अधिकारी हैं।
#5
अनन्या सिंह
अनन्या सिंह 2019 बैच की IAS अधिकारी हैं। उन्होंने 22 साल की उम्र में परीक्षा पास कर 51वीं रैंक हासिल की थी।
अनन्या प्रयागराज की रहने वाली हैं। उन्होंने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है।
उन्होंने स्नातक के अंतिम वर्ष में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी और अपने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की।
अनन्या वर्तमान में पश्चिम बंगाल कैडर में तैनात हैं।