LOADING...
ग्रीस में भी लॉन्च हुई UPI सेवा, इन देशों में पहले से है उपलब्ध
ग्रीस में भी शुरू हुई UPI सेवा

ग्रीस में भी लॉन्च हुई UPI सेवा, इन देशों में पहले से है उपलब्ध

Jun 30, 2026
03:15 pm

क्या है खबर?

भारत का यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) अब ग्रीस में भी शुरू हो गया है। इसके साथ ही, ग्रीस, भारतीय डिजिटल भुगतान प्रणाली अपनाने वाला 10वां देश बन गया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एथेंस में यूरोबैंक मुख्यालय में UPI सेवा का लाइव प्रदर्शन देखा। यह सुविधा यूरोबैंक और NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड की साझेदारी के तहत शुरू की गई है, जिससे भारतीय यात्रियों को वहां भुगतान करना अब आसान होगा।

उपलब्धता

इन देशों में पहले से उपलब्ध है UPI

ग्रीस से पहले UPI सेवा सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका और कंबोडिया में शुरू हो चुकी है। कंबोडिया में यह सेवा स्थानीय KHQR सिस्टम के साथ साझेदारी के जरिए लागू की गई थी। इन देशों में भारतीय यात्री QR कोड स्कैन करके आसानी से भुगतान कर सकते हैं। इससे विदेशों में डिजिटल लेनदेन पहले की तुलना में काफी आसान और तेज हो गया है।

लाभ

विदेश में भुगतान होगा और आसान

UPI का विस्तार भारतीय यात्रियों और कारोबारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इससे विदेश में खरीदारी के दौरान सीधे मोबाइल से भुगतान किया जा सकेगा और नकदी रखने की जरूरत कम होगी। साथ ही, सीमा पार पैसे भेजने और लेने की प्रक्रिया भी पहले से अधिक आसान और कम खर्च वाली बन रही है। सरकार का मानना है कि इससे भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

Advertisement

अन्य

भारत की डिजिटल तकनीक को मिल रही पहचान

UPI को नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने विकसित किया है। यह मोबाइल ऐप के जरिए कुछ ही सेकंड में डिजिटल भुगतान की सुविधा देता है। सरकार लगातार इसे दूसरे देशों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि UPI का तेजी से बढ़ता वैश्विक विस्तार भारत की डिजिटल तकनीक पर बढ़ते भरोसे को दिखाता है और भविष्य में कई अन्य देश भी इससे जुड़ सकते हैं।

Advertisement