Page Loader
इजरायल-ईरान संघर्ष का शेयर बाजार पर असर, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट
इजरायल-ईरान संघर्ष से शेयर बाजार में गिरावट (तस्वीर: फ्रीपिक)

इजरायल-ईरान संघर्ष का शेयर बाजार पर असर, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट

Oct 03, 2024
11:20 am

क्या है खबर?

इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर बड़े स्तर पर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। आज (3 सितंबर) बाजार खुलते ही सेंसेक्स में 900 अंकों तक और निफ्टी में 300 अंकों तक की गिरावट दर्ज हुई है। आज सुबह 11:00 बजे तक सेंसेक्स 883 अंकों की गिरावट के साथ 83,382 अंकों पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी 274 अंक फिसलकर 25,522 के स्तर पर था।

राय

विशेषज्ञों का क्या है कहना? 

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉक्टर वीके विजयकुमार ने कहा, "एक तेजी वाले बाजार की पहचान यह है कि यह चिंताओं की सभी दीवारों को पार करने की क्षमता रखता है।" हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इजरायल, ईरान के तेल प्रतिष्ठानों पर हमला करता है, तो इससे कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी उछाल आ सकती है, जो भारत जैसे तेल आयात करने वाले देशों के लिए बुरी खबर होगी।

नुकसान

इतने का हुआ नुकसान

सेंसेक्स और निफ्टी में 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट हुई, जिससे बाजार पूंजीकरण में 5.63 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। रिलायंस, HDFC बैंक, ICICI बैंक और अन्य में गिरावट आई। निफ्टी ऑयल और गैस इंडेक्स 1.2 प्रतिशत नीचे आया, जबकि भारत VIX 8.9 प्रतिशत बढ़कर 13.06 पर पहुंच गया। बता दें, इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष ने तब गंभीर रूप ले लिया जब मंगलवार को ईरान ने इजरायल पर लगभग 180 मिसाइलों से हमला किया।